Sonbhadra News : राममय हुआ सोनांचल, श्रीराम दरबार की झांकी ने मोहा भक्तों का मन

सफेद कुर्ता-पाजामा और सिर पर केशरिया साफा। एक हाथ में लाठी-तलवार तो दूसरे में भगवा झंडा। जय श्रीराम-जय हनुमान के उद्घोष के साथ निकली भव्य शोभायात्रा लोगों में जोश जगाती रही। लाठी, त्रिशुल, कटार के....

news-img

श्रीराम शोभायात्रा का दृश्य......

sonbhadra

5:53 PM, March 27, 2026

Whatsapp चैनल फॉलो करे !

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । सफेद कुर्ता-पाजामा और सिर पर केशरिया साफा। एक हाथ में लाठी-तलवार तो दूसरे में भगवा झंडा। जय श्रीराम-जय हनुमान के उद्घोष के साथ निकली भव्य शोभायात्रा लोगों में जोश जगाती रही। लाठी, त्रिशुल, कटार के साथ जहां वीरांगनाओं ने यात्रा की शोभा बढ़ाई तो युवा भी आकर्षक करतब दिखाते रहे। वहीं देवी-देवताओं की झांकियां मन मोहती रहीं। वहीं फूलों से सजे रथ पर आराध्य प्रभु श्रीराम की नयनाभिराम झांकी ने मन मोहा। जगह-जगह रथ के रोककर भक्तों ने आरती उतारी। ऐसा ही विहंगम दृश्य श्रीराम नवमी के अवसर पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज में विजयगढ़ वाटिका के सामने स्थित श्रीराम जानकी मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा के दौरान देखना को मिला। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जय श्रीराम के जयघोष से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। नगर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी धूमधाम से श्रीराम नवमी पर शोभायात्रा निकाली गई। 

राबर्ट्सगंज नगर में शुक्रवार की सुबह से ही भगवा झण्डा लगाने में हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता मशगुल रहे। दोपहर बाद नगर के सभी वार्डो से सर्व प्रथम गाजे बाजे के साथ टोली में हिन्दू समुदाय के लोग जय श्रीराम का जयकारा लगाते हुए श्रीराम जानकी मंदिर विजयगढ़ वाटिका के पास पहुंचे। वहां से एकत्र होकर लोगों ने शाम सवा चार बजे शोभायात्रा की शुरूआत की गयी। शोभायात्रा में भारत माता की झांकी के अलावा राम-सीता, भगवान शंकर व माता पार्वती, राधा-कृष्ण, काली माता व अन्य देवी देवताओं की भव्य झांकी सजायीं गयी थी। डीजे पर बज रहे शौर्य भरे गीतों पर झूमते नाचते गाते हुए लोग चल रहे थे। मेन चौक, चण्डी तिराहा, धर्मशाला चौक, महिला थाना होते हुए नगर में शोभायात्रा निकाली गयी। जगह-जगह शोभायात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया गया। इस दौरान लोगों ने कला का प्रदर्शन भी किया। शोभायात्रा के दौरान जहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद दिखा, वहीं एलआईयू भी विशेष सतर्कता बरते हुए थी। 

इस दौरान सदर विधायक भूपेश चौबे ने बताया कि "विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी रामनवमी के दिन भगवान श्रीराम की झांकी निकाली जा रही है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम हम सभी के आराध्य देव हैं, इसलिए इस झांकी में सभी जातिवर्ग व दलों के लोग शामिल हैं। रामनवमी की परंपरा राबर्ट्सगंज में वर्षों से चली आ रही है, जिसमें जनपद के समस्त पार्टियों के नेता, आम जनता, व्यापारी उपस्थित होकर श्री राम, जो सबके आदर्श हैं, उनका आशीर्वाद ग्रहण करते हैं। आज रामनवमी के अवसर पर नगर के सभी नौजवान, बुजुर्ग, आस-पास के ग्रामीण, किसान उपस्थित हुए हैं। एक परंपरा बनी हुई है, हर जगह खुशहाली और जुलूस का माहौल है।"

शोभायात्रा में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा, पूर्व सदर विधायक अविनाश कुशवाहा, गिरिजाशंकर दुबे, राजेश गुप्ता, कौशल शर्मा, मनोज सोनकर, प्रमोद गुप्ता, बलराम सोनी, प्रमोद यादव, जसकीरत सिंह, पारब्रह्म सिंह, पुष्पा सिंह, प्रमिला जायसवाल, किरन तिवारी, गुड़िया त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। 

Sponsored

सम्बंधित खबर

Sponsored
Logo

Office Address :सोनभद्र, उत्तरप्रदेश (231216)

Chief Editer :Shantanu Kumar Biswas

Contact Us :+91 9415873885

Email:info.janpadnewslive@gmail.com

Download App

Google play store

Subscribe Now

Youtube

Janpad Mirror

Follow Us

Developed By  SpriteEra IT Solutions Pvt. Ltd.
© Copyright Janpad News Live 2024. All rights reserved.