Sonbhadra News : सोन पम्प मुख्य नहर आये दिन बंद रहने से धान की रोपाई हुई बाधित
सोन पम्प मुख्य नहर आये दिन बंद रहने से धान की रोपाई हुई बाधित

sonbhadra
7:24 PM, August 1, 2024
राकेश चौबे
◆ पर्याप्त वर्षा न होने से पहाड़ी क्षेत्र के किसान भी हुए मायुस
मारकुंडी । सदर विकास खण्ड क्षेत्र के अन्तर्गत सलखन न्याय पंचायत क्षेत्र मारकुंडी मुख्य सोन पम्प नहर आये दिन बंद रहने से इन दिनों किसानों की धान की रोपाई बाधित हो गए हैं। वहीं क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा न होने से पहाड़ी ग्रामीण अंचलों के असिंचित भूमि के आदिवासी वन बंधु किसान भी अरहर, तिल, मकई, बाजरा, सावा, कोदों फसलों को लेकर काफी मायुस हो गए हैं। यह सभी फसल प्राकृतिक वर्षा पर ही आश्रित है। वहीं मैदानी भागों में मुख्य सोन पम्प नहर आये दिन विद्युत कटौती को लेकर बंद रहने से किसानों की धान की रोपाई भी बाधित हो गई है। अगर समय रहते नहर नहीं चला तो किसान भुखमरी के कगार पर पहुंच जायेंगे।
इस सम्बंध सुरज यादव, प्रधान प्रतिनिधि मारकुंडी, शिवा यादव, राजेश मिश्रा, रामू , पहलु यादव, राम मुरत , रामधनी इत्यादि किसानों ने बताया कि इन दिनों चारों तरफ धान की नर्सरी तैयार कर किसान रोपाई के लिए जाते हैं तो आये दिन मुख्य सोन पम्प नहर बंद हो जाने से किसानों के साथ मजदूर भी परेशान हो रहे हैं। इसी क्रम में जुलाई में नहर चलते चलते 25 से लेकर 27 तक बंद कर दिया गया पुनः चालू होने के बाद 30 जुलाई से लेकर 31 जुलाई तक नहर बंद हो जाने से सभी किसान धान की रोपाई को लेकर अत्यधिक परेशान हैं।
इस सम्बंध में किसानों ने जिलाधिकारी से अविलंब सुचारु रुप से मुख्य सोन पम्प नहर चालु कराने की मांग किया है।
उक्त सम्बंध में सिंचाई विभाग के जेई विशाल शर्मा से जानकारी चाही तो उन्होंने बताया कि बिजली कटौती को लेकर नहर बंद कर दिया गया है। बिजली आने पर नहर चालू कर दिया जायेगा।




