Sonbhadra News : उभ्भा गांव में सोलर पॉवर और आरओ प्लांट बंद, कांग्रेस ने व्यवस्थाओं में सुधार के लिए डीएम को सौंपा ज्ञापन
घोरावल तहसील अंतर्गत उभ्भा गाँव में स्थापित सोलर प्लांट और आरओ प्लांट बंद होने से ग्रामीणों में रोष है। इसको देखते हुए आज कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप कार्यवाही की मांग...

sonbhadra
4:38 PM, March 9, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । घोरावल तहसील अंतर्गत उभ्भा गाँव में स्थापित सोलर प्लांट और आरओ प्लांट बंद होने से ग्रामीणों में रोष है। इसको देखते हुए आज कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप कार्यवाही की मांग की है।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज गोंड ने बताया कि "2019 में घोरावल तहसील अंतर्गत उम्भा नरसंहार ने पूरे देश को हिला दिया था। कांग्रेस की तत्कालीन प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी के उभ्भा दौरे के बाद सक्रिय हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उभ्भा का दो बार दौरा किया और आदिवासियों की बदहाल स्थिति और सुरक्षा को देखते हुए एक पुलिस चौकी, बिजली व्यवस्था के लिए एक सोलर पावर प्लांट और एक आरओ प्लांट स्थापित कराया था लेकिन वर्तमान में अधिकारियों की अनदेखी के चलते सभी योजनाएं बदहाल स्थिति में हैं। पुलिस की लापरवाही से चौकी से महज कुछ मीटर दूसरी पर स्थित सोलर पॉवर प्लांट के पैनल और बैटरियों पर भी चोर हाथ साफ कर रहे हैं और अब तक 20 पैनल चोरी हो चुके हैं, जिससे कारण सोलर प्लांट पूरी तरह बंद हो चुका है और ग्रामीणों को अंधेरे में रहना पड़ता है। वहीं ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सीएम ने एक आरओ प्लांट भी स्थापित कराया था जो आज बदहाली का दंश झेल रहा है। वहीं गांव के प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को पानी की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से बोरिंग का पानी पीना पड़ रहा है। उन्होंने मांग किया कि जल्द से जल्द व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए अन्यथा कांग्रेस पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी।"
इस दौरान पूर्व शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी, RTI जिलाध्यक्ष श्रीकांत मिश्रा, जिला महामंत्री दयाशंकर देव पाण्डेय और महामंत्री अवनीश राजपूत मौजूद रहे।




