चोपन (सोनभद्र) । भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच यात्रियों और आमजन को राहत देने के उद्देश्य से C&W रेलवे चोपन द्वारा एक शीतल शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम शुक्रवार को चोपन रेलवे स्टेशन परिसर में ( हुआ। इस दौरान स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों, राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को ठंडा शरबत पिलाया गया, जिससे उन्हें गर्मी से कुछ राहत मिली। बड़ी संख्या में लोगों ने इस जनसेवा कार्य की सराहना की और शरबत ग्रहण किया। इस सेवा अभियान में ADME/C&W/CPU, CWS/C&W/CPU, COS/C&W/CPU और TL&AC/CPU के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। सभी ने यात्रियों को सेवा भाव के साथ शीतल शरबत वितरित किया। स्टेशन परिसर में कर्मचारियों को स्वयं लोगों को शरबत उपलब्ध कराते देखा गया। विश्व हिन्दू संघ किन्नर सभा की जिलाध्यक्ष राधानंद गिरी भी अपनी पूरी टीम के साथ इस अवसर पर मौजूद रहीं। उन्होंने शरबत वितरण में सक्रिय भागीदारी निभाई। राधानंद गिरी ने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक और जनहित के कार्यक्रम समाज में आपसी भाईचारे, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। आयोजकों ने बताया कि यह सेवा अभियान भीषण गर्मी के मौसम में यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी रेलवे परिसर और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जनहित एवं समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि जरूरतमंद लोगों की सहायता की जा सके। इस कार्यक्रम में एस.एस. विश्वकर्मा, सुधीर कुमार, अजित, राम गुलाम, शशिकांत, अजीत वर्मा, मनोज पासवान, राहुल शर्मा सहित रेलवे के अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे। विश्व हिन्दू संघ किन्नर सभा के पदाधिकारी और सहयोगी भी मौजूद थे। सभी ने मिलकर इस सेवा कार्य को सफल बनाया और लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाने का संदेश दिया।