Sonbhadra News : चेकडैम में मिले मगरमच्छ के छोटे बच्चे
घोरावल तहसील क्षेत्र के सेमिया गांव के छितीरपुरवा टोला में स्थित चेक डैम में रविवार की शाम 35 की संख्या में मगरमच्छ के छोटे-छोटे बच्चे पाए गए। वहां मगरमच्छ के पांच अंडे भी मिले।

sonbhadra
5:29 PM, June 28, 2026
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरवाल (सोनभद्र) । घोरावल तहसील क्षेत्र के सेमिया गांव के छितीरपुरवा टोला में स्थित चेक डैम में रविवार की शाम 35 की संख्या में मगरमच्छ के छोटे-छोटे बच्चे पाए गए। वहां मगरमच्छ के पांच अंडे भी मिले। हालांकि कोई वयस्क नर या मादा मगरमच्छ वहां नहीं पाया गया।
सूचना पर मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों और पीआरबी पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से मगरमच्छ के बच्चों को पकड़ कर सोन नदी में छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार जुगैल वन रेंज के सेमिया गांव के छितीरपुरवा में एक चेक डैम है, जिसमें इस समय कम मात्रा में पानी मौजूद है रविवार शाम ग्रामीणों ने पानी में दो मगरमच्छ के दो छोटे-छोटे बच्चे देखें ग्रामीण जब पानी पास गए तो और भी मगरमच्छ के बच्चे दिखाई दिए। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए।
घटना की सूचना पर मौके पर वन दारोगा अविनाश सिंह, वन्य जीव रक्षक सौरभ उपाध्याय और पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीण वीरेंद्र साहनी, टिम्मल इत्यादि के सहयोग से वन कर्मियों ने सभी मगरमच्छों के बच्चों को पकड़ कर बोरियों में भरा और पास के सोन नदी में सुरक्षित छोड़ दिया।
इस संबंध में जुगैल वन रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि करीब 35 मगरमच्छ के छोटे बच्चे सेमिया गांव के छितीरपुरवा में चेक डैम में पाए गए। अनुमान है कि चेक डैम में कुछ नर और मादा मगरमच्छ प्रजनन के दौरान आए होंगे, जहां मादा मगरमच्छ ने अंडे दिया। समय पूरा होने पर अंडे से बच्चे निकलकर पानी में चले गए।




