Sonbhadra News : लड़कियों क़ो बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, कांग्रेस नेता व उनकी पत्नी सहित सात गिरफ्तार
पन्नुगंज पुलिस ने लड़कियों की खरीद फरोख्त करने वाले गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गैंग के कुल सात सदस्यों क़ो गिरफ्तार किया है। लड़की खरीदने वाले राजस्थान निवासी दो ग्राहक व कांग्रेस नेता व उनकी...

किशोरी की खरीद फरोख्त करने में गिरफ्तार आरोपी
sonbhadra
6:47 AM, December 23, 2024
आनन्द कुमार चौबे/अखिलेश सिंह (संवाददाता)
सोनभद्र । पन्नुगंज पुलिस ने लड़कियों की खरीद फरोख्त करने वाले गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गैंग के कुल सात सदस्यों क़ो गिरफ्तार किया है। लड़की खरीदने वाले राजस्थान निवासी दो ग्राहक व कांग्रेस नेता व उनकी पत्नी सहित अन्य आरोपी शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पुलिस ने 64 हजार रूपये भी बरामद किया है। वहीं पुलिस ने लड़की क़ो भी सकुशल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पन्नूगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक किशोरी बीते 28 नवंबर की रात में करीब दस बजे संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने दस दिसंबर को केस दर्ज किया था। जांच के दौरान सामने आया कि क्षेत्र के ही कुछ लोगों ने किशोरी को राजस्थान में बेच दिया है। एसपी अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने किशोरी क़ो खरीद रहे राजस्थान निवासी दो ग्राहकों तथा किशोरी क़ो बेचने वाले गिरोह के पांच सदस्यों क़ो गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से किशोरी क़ो सकुशल बरामद किया है साथ ही गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 64 हजार रूपये नकद भी बरामद हुए हैं।
मामले में पुलिस ने रविवार को रामपुर बरकोनिया के पटना निवासी संदीप जायसवाल (22वर्ष), सिलथम निवासी अंकित पांडेय उर्फ सोनू (26वर्ष), सच्चिदानंद पांडेय (55वर्ष), कांशीराम आवास रॉबर्ट्सगंज निवासी नामवर कुशवाहा (55वर्ष) और उनकी पत्नी विमला देवी (50वर्ष) को गिरफ्तार किया है। वहीं रुपये देकर किशोरी को खरीदने वाले राजस्थान के रामपुर जोडा बस्ती निवासी विक्रम चन्द्र सैनी और रलावता निवासी कमलेश जाट (50वर्ष) को भी गिरफ्तार किया है। संदीप जायसवाल के कब्जे से लड़की को बेचने के 30 हजार और विमला देवी के कब्जे से 34 हजार बरामद हुए।
अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में एसआई मोहन सिंह, हेड कांस्टेबल धनंजय राय, विवेक यादव, अनुराग वर्मा, साधना पांडेय, सुनैना गोंड शामिल रहे।




