Sonbhadra News : सेवादान फाउंडेशन देगा तकनीकी प्रशिक्षण, कुटीर उद्योग से युवाओं और महिलाओं को मिलेगा रोजगार
विकासखंड नगवां के कोहरवल में सेवा दान फाउंडेशन द्वारा युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न कुटीर उद्योगों और तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की शुरुआत की जाएगी। संस्था की ओ......

sonbhadra
2:32 PM, July 5, 2026
अवधेश कुमार (संवाददाता)
वैनी। विकासखंड नगवां के कोहरवल में सेवा दान फाउंडेशन द्वारा युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न कुटीर उद्योगों और तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की शुरुआत की जाएगी। संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बताया गया कि प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा और इसके माध्यम से युवक-युवतियों व महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
संस्था की चीफ सेक्रेटरी राजदुलारी ने बताया कि सेवादान फाउंडेशन का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, जरूरतमंद एवं बेरोजगार महिलाओं और युवतियों को निःशुल्क प्रशिक्षण देकर उन्हें अपने घर से ही रोजगार शुरू करने के लिए सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण के तहत सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटीशियन, मेहंदी, रंगोली, कुटीर उद्योग तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से संबंधित तकनीकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मशीनों के माध्यम से प्रशिक्षण देकर आर्टिफिशियल ज्वेलरी, श्रृंगार सामग्री, रेडीमेड परिधान, साबुन, शैंपू, हैंडवॉश, फिनाइल, फ्रेश क्लीनर, एलईडी लाइट, परफ्यूम, अगरबत्ती, मोमबत्ती, कपूर, क्रीम, नेल पॉलिश समेत लगभग 90 प्रकार के उत्पादों के निर्माण की विधि सिखाई जाएगी।
संस्था की डायरेक्टर अंजलि जायसवाल ने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही स्वरोजगार शुरू करने की इच्छुक महिलाओं को बैंक के माध्यम से ऋण सुविधा उपलब्ध कराने में भी सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष संस्था द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी एवं रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा तथा विभिन्न जिलों में संस्था की नई शाखाएं भी खोली जाएंगी।
कार्यक्रम का संचालन अजित पटेल ने किया। इस अवसर पर साधना, सोनी, आरती, सीता, अनीशा, बबीता, नैसी सहित अन्य महिलाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




