Sonbhadra News : ओबरा डैम में छह दिन से लापता युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के चाचा बिजेंद्र मिश्रा ने भी परिवार के पुराने विवाद का हवाला देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने जुगैल थाने के एक दरोगा की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।

sonbhadra
1:47 PM, October 2, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र)। जुगैल थाना क्षेत्र से लापता 24 वर्षीय हिमांशु मिश्रा का शव छह दिन बाद ओबरा डैम से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। शव मिलने के बाद परिजनों ने हिमांशु की हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, हिमांशु 25 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे चोपन जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और जुगैल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
एक अक्टूबर को हिमांशु का शव ओबरा डैम से बरामद हुआ। मृतक के पिता सुरेंद्र मिश्रा ने अपने पटीदारों पर पुरानी रंजिश के चलते बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि विवाद के सिलसिले में हिमांशु को कथित तौर पर अगवा कर प्रताड़ित किया गया था।
मृतक के चाचा बिजेंद्र मिश्रा ने भी परिवार के पुराने विवाद का हवाला देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने जुगैल थाने के एक दरोगा की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।
वहीं, मामले में सीओ ने दरोगा पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




