Sonbhadra news : हिंदी पत्रकारिता दिवस पर विचार संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित
हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ, सोनभद्र इकाई द्वारा नगर के एक प्रेक्षागृह में विचार संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

sonbhadra
7:35 PM, May 31, 2026
घनश्याम पांडे (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र)। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ, सोनभद्र इकाई द्वारा नगर के एक प्रेक्षागृह में विचार संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
संगोष्ठी का विषय "हिंदी पत्रकारिता में परंपरा, परिवर्तन और जिम्मेदारी" रहा, जिस पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। मुख्य अतिथि नगर पंचायत ओबरा की अध्यक्ष चांदनी देवी ने पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और उनकी स्वतंत्रता लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि निष्पक्ष और स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए पत्रकारों का आर्थिक रूप से सशक्त एवं सुरक्षित होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आर्थिक चुनौतियां पत्रकारिता की गुणवत्ता और स्वतंत्रता को प्रभावित कर सकती हैं।
विशिष्ट अतिथियों एवं वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता के इतिहास, उसकी भूमिका और सामाजिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज की आवाज बनकर जनसमस्याओं को सामने लाती है और सकारात्मक बदलाव का मार्ग प्रशस्त करती है। ओबरा थाना प्रभारी सदानंद राय ने समाजहित में सकारात्मक पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया।
संगोष्ठी के उपरांत ओबरा, चोपन और डाला क्षेत्र के पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट कार्यों एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सतीश भटिया को महासंघ का उत्तर प्रदेश प्रदेश उपाध्यक्ष तथा भोला दूबे को विंध्याचल मंडल अध्यक्ष बनाए जाने पर अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन पत्रकार संजय यादव ने किया। आयोजन को सफल बनाने में जिला संरक्षक सुरेंद्र सिंह, मुख्य महासचिव ऋषि गुप्ता, जिला प्रभारी हरिओम विश्वकर्मा, जिला सचिव अरविंद कुशवाहा तथा जिला मीडिया प्रभारी अजीत कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह के अंत में विंध्याचल मंडल अध्यक्ष भोला दूबे एवं जिलाध्यक्ष महेश पांडेय ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।




