Sonbhadra news : संदिग्ध परिस्थितियों में अर्द्धनग्न अवस्था में परास के पेड़ से लटकता मिला महिला का शव
एक 22 वर्षीय महिला का शव नाले के किनारे परास के पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

sonbhadra
4:16 PM, May 1, 2026
राजेश कुमार (संवाददाता)
बभनी (सोनभद्र): थाना क्षेत्र के घघरा ग्राम पंचायत अंतर्गत चकेलवा टोला में शुक्रवार सुबह एक 22 वर्षीय महिला का शव नाले के किनारे परास के पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान रेखा उर्फ भोली (22) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला का शव अर्द्धनग्न अवस्था में मिला और उसके गले के बजाय जबड़े के पास रस्सी बंधी थी। शरीर घुटनों के सहारे जमीन से टिका हुआ पाया गया, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात गांव में एक बारात आई थी, जिसे देखने के लिए मृतका अपने परिवार के साथ गई थी। देर रात करीब डेढ़ बजे सभी लोग घर लौट आए और सो गए। शुक्रवार भोर में करीब साढ़े चार बजे महिला घर से बाहर निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद ग्रामीणों ने नाले के पास शव होने की सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के पिता राकेश ने हत्या की आशंका जताते हुए गांव के ही एक व्यक्ति पर आरोप लगाया है। वहीं, कुछ ग्रामीणों ने दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को फांसी का रूप देने की भी आशंका व्यक्त की है।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।




