Sonbhadra News : ₹1.60 करोड़ की लागत से हिंदुआरी में बनेगी आत्मनिर्भर वृहद गौशाला
जनपद में निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने नई हिंदुआरी में डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (डीएमएफ) फंड से....

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
4:38 PM, July 15, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• डीएमएफ फंड से निर्माण को डीएम चर्चित गौड़ की मंजूरी
• वर्मी कम्पोस्ट यूनिट से होगी आय, गोवंश संरक्षण को मिलेगी नई मजबूती
सोनभद्र । जनपद में निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने नई हिंदुआरी में डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (डीएमएफ) फंड से एक करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से एक आत्मनिर्भर वृहद गौशाला के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी है। परियोजना का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने बताया कि "प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप इस गौशाला का उद्देश्य निराश्रित गोवंश के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और स्थायी आश्रय उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही गोवंश संरक्षण को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर मॉडल से जोड़ते हुए गौशाला के संचालन की दीर्घकालिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। परियोजना के तहत गोवंश के सुरक्षित आवास के लिए दो आधुनिक शेड बनाए जाएंगे, जिन पर 82.88 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा वर्षभर चारे की उपलब्धता बनाए रखने के लिए 12.67 लाख रुपये की लागत से आधुनिक चारा भंडारण कक्ष का निर्माण भी कराया जाएगा। गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने के लिए परिसर में लगभग 15 लाख रुपये की लागत से वर्मी कम्पोस्ट यूनिट स्थापित की जाएगी। गोबर से तैयार होने वाली जैविक खाद की बिक्री से होने वाली आय का उपयोग गोवंश के चारा, पेयजल, उपचार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर किया जाएगा। इससे गौशाला के संचालन के लिए बाहरी संसाधनों पर निर्भरता कम होगी और यह मॉडल आर्थिक रूप से सुदृढ़ बन सकेगा।"
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि "गौशाला में गोवंश के लिए स्वच्छ पेयजल, नियमित टीकाकरण, पशु चिकित्सकीय सुविधा तथा समुचित देखभाल की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल गोवंश संरक्षण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जैविक खेती को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए, ताकि जल्द से जल्द निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा सके।"




