Sonbhadra News : भगवान भरोसे सीएचसी दुद्धी में सुरक्षा, बेखौफ चोर ने 12 घंटे के भीतर दो सीयूजी सहित चार मोबाइल उड़ाया
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में लगातार हुई चोरी की घटनाओं ने पुलिस की गश्त और सरकारी अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि एक ही चोर ने पहले....

sonbhadra
5:52 PM, July 17, 2026
आनन्द कुमार चौबे/रमेश कुमार (संवाददाता)
• सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ मोबाइल चोर
सोनभद्र । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में लगातार हुई चोरी की घटनाओं ने पुलिस की गश्त और सरकारी अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि एक ही चोर ने पहले देर रात एंबुलेंस कर्मियों के कमरे में घुसकर तीन मोबाइल चोरी किए और कुछ घंटों बाद सुबह दोबारा अस्पताल पहुंचकर जनरल वार्ड से एक मरीज के परिजन का मोबाइल भी लेकर फरार हो गया। लगातार दो बार वारदात होने के बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। हालांकि चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस चोर की तलाश में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की मध्यरात्रि डॉयल 108 और 102 एंबुलेंस की टीम ड्यूटी समाप्त करने के बाद सीएचसी परिसर स्थित आईपीडी भवन की दूसरी मंजिल पर बने एंबुलेंस कक्ष में विश्राम कर रही थी। गर्मी के कारण कमरे का दरवाजा हल्का खुला हुआ था। इसी दौरान रात करीब एक से दो बजे के बीच एक अज्ञात युवक कमरे में दाखिल हुआ और 108 एंबुलेंस तथा 102 एंबुलेंस के संपर्क हेतु इस्तेमाल किए जाने वाले दोनों सरकारी सीयूजी मोबाइल के साथ 102 एंबुलेंस चालक अजीत का नया सैमसंग मोबाइल भी चोरी कर फरार हो गया। कुछ देर बाद 108 एंबुलेंस चालक विजय राजभर की नजर जब मोबाइल पर पड़ी तो सीयूजी फोन गायब मिला। साथी कर्मचारियों ने भी अपने मोबाइल तलाशे तो दोनों सीयूजी मोबाइल और निजी मोबाइल चोरी होने की जानकारी हुई। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई।
एंबुलेंस कर्मियों ने लखनऊ स्थित कंट्रोल रूम को भी घटना की जानकारी दी। मोबाइल की लोकेशन के आधार पर टीम डीसीएफ कॉलोनी, वार्ड नंबर-5 तक पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी मोबाइल से सिम निकाल चुका था, जिससे लोकेशन ट्रेस नहीं हो सकी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कई स्थानों पर लोगों को संदिग्ध की तस्वीर दिखाकर पहचान कराई गई। एक युवक द्वारा पहचान किए जाने पर पुलिस और एंबुलेंस टीम ग्राम बिड़र तक पहुंची, लेकिन आरोपी वहां नहीं मिला। इसके बाद दुद्धी कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई।
इसी चोर ने गुरुवार सुबह करीब छह बजे फिर सीएचसी पहुंचकर जनरल वार्ड में भर्ती मरीज के परिजन को निशाना बनाया।
बभनी निवासी पीड़ित चंद्र प्रकाश ने बताया कि वह अपनी मां का इलाज कराने के लिए अस्पताल में रुका था। उसने अपना नया ओप्पो ए-79 5जी मोबाइल चार्जिंग पर लगाया था और कुछ देर के लिए वार्ड से बाहर गया। लौटने पर मोबाइल गायब मिला। वार्ड में मौजूद एक अन्य परिजन ने बताया कि एक युवक मोबाइल लेकर बाहर जाता दिखाई दिया, लेकिन तब तक वह आंखों से ओझल हो चुका था।
लगातार हुई इन चोरी की घटनाओं से सीएचसी दुद्धी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल परिसर में मरीजों और कर्मचारियों के बीच दहशत का माहौल है। दोनों मामलों में दुद्धी कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई और चोरी गए मोबाइलों की बरामदगी की मांग की गई है।
तहरीर देने के दौरान वार्ड बॉय रोहित, एंबुलेंस चालक हीरालाल, विजय राजभर, ईएमटी दीपक, चालक बृजेश सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है तथा जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।




