Sonbhadra News : 20 दिन बाद खुला महिला की हत्या का राज, बीजपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
बीजपुर पुलिस ने महिला हत्या के एक सनसनीखेज मामले का सफल अनावरण करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। करीब डेढ़ माह पहले लापता हुई महिला का कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और.......

sonbhadra
5:40 PM, June 21, 2026
राजेश कुमार (संवाददाता)
बीजपुर । बीजपुर पुलिस ने महिला हत्या के एक सनसनीखेज मामले का सफल अनावरण करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। करीब डेढ़ माह पहले लापता हुई महिला का कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा भी बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश राय के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष बीजपुर राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्रेमी ने दोस्त संग मिलकर की थी महिला की हत्या -
गिरफ्तार आरोपित सुरेश ने बताया कि पार्वती देवी का आरोपित लाले पनिका के साथ प्रेम प्रसंग था। पार्वती लगातार लाले पनिका पर शादी करने का दबाव बना रही थी। शादी न करने पर उसने थाने जाकर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी थी। इसी से डरा लाले पनिका अपने जिगरी दोस्त सुरेश के पास पहुंचा और मदद मांगी। इसके बाद दोनों दोस्तों ने मिलकर पार्वती की हत्या की साजिश रची।
10 मई को सुबह करीब आठ बजे जब पार्वती देवी म्योरपुर बाजार जाने के लिए निकली तो लाले पनिका और सुरेश उन्हें बहला-फुसलाकर अपनी बाइक पर बैठाकर ले गए। पार्वती की सास ने उन्हें जाते हुए देखा था। इसके बाद दोनों पार्वती को धरतीडाड़ स्थित मोटकी मुकुट पहाड़ी के पास ले गए।
उसने बताया कि वहां गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। शव को वहीं झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गए। पार्वती के घर न लौटने पर परिजनों ने 29 मई को म्योरपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। 30 मई को ग्रामीणों को पहाड़ी पर एक नर कंकाल पड़ा मिला।
वादी विनोद कुमार और उनकी सास ने मौके पर पहुंचकर कंकाल के पास पड़ी साड़ी और चप्पलों के आधार पर उसकी पहचान पार्वती देवी के रूप में की। शव का बीएचयू वाराणसी से पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद 20 जून को मृतका के पति विनोद कुमार की तहरीर पर थाना बीजपुर में हत्या और साक्ष्य छिपाने जैसे गम्भीर धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज हुआ।
जंगल में मिला था महिला का कंकाल -
पुलिस के अनुसार, विनोद कुमार गौड़ निवासी छानी पाथर काचन, थाना म्योरपुर ने सूचना दी थी कि उनकी पत्नी पार्वती देवी 10 मई 2026 को घर से म्योरपुर बाजार जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। इस संबंध में थाना म्योरपुर में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब 30 मई 2026 को थाना बीजपुर क्षेत्र के मोटकी मुकुट पहाड़ी, धरतीडाड़ इलाके में एक कंकाल मिलने की सूचना पुलिस को मिली। परिजनों ने कंकाल की पहचान पार्वती देवी के रूप में की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बीजपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर रविवार को जरहां मंदिर मोड़ के पास से आरोपी सुरेश (23 वर्ष) पुत्र मानिकचन्द्र, निवासी सिसवा झापर, थाना बभनी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त मटमैला-सफेद गमछा भी बरामद कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
हत्या का पर्दाफाश कर पुलिस ने ली राहत की सांस -
महिला के लापता होने और बाद में कंकाल मिलने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गंभीर अपराधों के प्रति जनपद पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम -
थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल भानुप्रताप यादव, कांस्टेबल राहुल गोड़ एवं रिक्रूट कांस्टेबल साहिल श्रीवास्तव की टीम ने इस महत्वपूर्ण सफलता में भूमिका निभाई।




