Sonbhadra News : सफाई कर्मचारियों ने तिरंगा यात्रा निकाल की पुरानी पेंशन बहाली की मांग
पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश पंचायतीराज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले गुरुवार को सैकड़ों कर्मचारियों ने तिरंगा यात्रा निकालकर अपनी आवाज बुलंद की। उरमौरा स्थित.....

पुरानी पेंशन बहाली को लेकर तिरंगा यात्रा निकालते सफाईकर्मी.....
sonbhadra
10:35 PM, August 20, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश पंचायतीराज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले गुरुवार को सैकड़ों कर्मचारियों ने तिरंगा यात्रा निकालकर अपनी आवाज बुलंद की। उरमौरा स्थित डायट परिसर से निकली यात्रा में कर्मचारी हाथों में तिरंगा लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और सरकार से एनपीएस व यूपीएस के स्थान पर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की। कर्मचारियों ने पैदल मार्च करते हुए सरकार से सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन की गारंटी देने की मांग की। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को एक सूत्रीय मांग का ज्ञापन सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश मौर्या ने कहा कि "देश और प्रदेश लगातार विकास की नई ऊंचाइयां छू रहे हैं, लेकिन कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा का सवाल आज भी गंभीर बना हुआ है। उन्होंने कहा कि एनपीएस और यूपीएस के तहत सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली पेंशन इतनी कम है कि बढ़ती महंगाई में बुजुर्ग कर्मचारियों के लिए जीवन-यापन करना बेहद मुश्किल हो जाता है। ऐसे में पुरानी पेंशन योजना की बहाली कर्मचारियों की सबसे बड़ी जरूरत है।"
जिला मंत्री मानिक चंद ने कहा कि "वर्षों तक सरकारी सेवा करने के बाद कर्मचारियों को बुढ़ापे में आर्थिक असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। एनपीएस और यूपीएस से मिलने वाली पेंशन को लेकर कर्मचारियों में गहरी चिंता है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाल होने तक कर्मचारियों का संघर्ष जारी रहेगा।"
तिरंगा यात्रा के दौरान कर्मचारियों ने एकजुट होकर पुरानी पेंशन बहाली की आवाज बुलंद की और सरकार से मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
इस दौरान कोषाध्यक्ष उमेश कुमार शर्मा, संगठन मंत्री राकेश कुमार, विजय यादव, जिला संप्रेक्षक चूड़ामणि, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार गौतम, धर्मेंद्र यादव, रामबाबू सोनी, राजेश वर्मा, बनारसी गुप्ता, प्रमोद कुमार, गौरव कुमार त्रिपाठी, सदर ब्लॉक अध्यक्ष देवानंद पाठक, सुनील कुमार, श्री राम, अजय कुमार, कपिल देव, राजेश कुमार, इंद्रासन, छात्रधारी, रविंद्र कुमार, बाबुंदर मोर, रमाकांत सहित बड़ी संख्या में सफाईकर्मी मौजूद रहे।




