Sonbhadra News : पिपरी में सफाईकर्मी अब कहलाएंगे 'स्वच्छता मित्र'
शहर की गलियों को साफ-सुथरा रखने वाले सफाई कर्मियों को अब नई और सम्मानजनक पहचान मिलेगी। पिपरी नगर पंचायत में सफाई कर्मियों को अब 'स्वच्छता मित्र/दोस्त' के नाम से संबोधित किया जाएगा।

sonbhadra
8:08 PM, September 10, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । शहर की गलियों को साफ-सुथरा रखने वाले सफाई कर्मियों को अब नई और सम्मानजनक पहचान मिलेगी। पिपरी नगर पंचायत में सफाई कर्मियों को अब 'स्वच्छता मित्र/दोस्त' के नाम से संबोधित किया जाएगा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में पिपरी नगर पंचायत के सफाई कर्मियों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड का शुभारंभ कर इस पहल की शुरुआत की।
इस दौरान जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने कहा कि सफाई कर्मी स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे प्रतिदिन अपने कार्य के जरिए नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और आमजन को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में योगदान देते हैं। ऐसे में उनके कार्य को केवल जिम्मेदारी के रूप में नहीं, बल्कि सम्मान और सामाजिक गरिमा के साथ पहचान दिया जाना जरूरी है।
नाम बदला, नजरिया बदलने की पहल -
डीएम ने कहा कि अब तक सफाई कर्मियों को अलग-अलग नामों से संबोधित किया जाता रहा है। इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए उन्हें 'स्वच्छता मित्र/दोस्त' जैसी सकारात्मक और सम्मानजनक पहचान दी जा रही है। यह केवल संबोधन में बदलाव नहीं, बल्कि सफाई कर्मियों के प्रति समाज के नजरिए में बदलाव की पहल है।
उन्होंने कहा कि 'स्वच्छता मित्र/दोस्त' शब्द सफाई कर्मियों के सम्मान, गरिमा और उनके योगदान को दर्शाता है। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में इन कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
सुविधाओं और सहयोग पर भी जोर -
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मियों को सम्मानजनक संबोधन देने के साथ ही उनकी कार्य-भूमिका के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं, संसाधन और सहयोग भी उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सफाई कर्मियों की समस्याओं और जरूरतों पर भी गंभीरता से ध्यान देने को कहा।
ड्रेस कोड की शुरुआत को सफाई कर्मियों के लिए सम्मान और पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले इन कर्मियों को काम के साथ-साथ सम्मानजनक सामाजिक पहचान भी मिले।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, नगर पंचायत अध्यक्ष पिपरी दिग्विजय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




