Sonbhadra news : सलखन–बेलछ मुख्य मार्ग बदहाल, ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत की उठाई मांग
आदिवासी बहुल इलाके में स्थित सलखन से बेलछ–रुदौली को जोड़ने वाला लगभग छह किलोमीटर लंबा मुख्य मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच गया है।

sonbhadra
12:04 PM, July 11, 2026
राकेश चौबे
गुरमा (सोनभद्र)। सदर विकास खंड क्षेत्र के आदिवासी बहुल इलाके में स्थित सलखन से बेलछ–रुदौली को जोड़ने वाला लगभग छह किलोमीटर लंबा मुख्य मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की जर्जर हालत को लेकर वर्ष 2024 से संबंधित विभाग और सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। इसके अलावा समाचार पत्रों के माध्यम से भी समस्या उठाई गई, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
पूर्व प्रधान चुनमुन प्रसाद, प्रधान श्यामनारायण सिंह गौड़, श्रीराम गौड़, शिवशंकर, रामलखन, कृष्ण कुमार, सुभाष, राजेश और शिवकुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर शीघ्र मरम्मत कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।




