Sonbhadra news : सड़क बनी मौत का जाल, गहरे गड्ढे में फंसा मालवाहक ट्रक
सड़क पर बने गहरे गड्ढे में एक भारी मालवाहक ट्रक फंसकर एक ओर झुक गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई।

sonbhadra
6:11 PM, July 6, 2026
बीना/बासी (सोनभद्र)। वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर सड़क की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। सोमवार सुबह बीना-बासी क्षेत्र में सड़क पर बने गहरे गड्ढे में एक भारी मालवाहक ट्रक फंसकर एक ओर झुक गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
बरसात के कारण सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों के लिए सड़क और गड्ढे में अंतर करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा बना हुआ है। ट्रक के फंसने के दौरान दोपहिया और अन्य छोटे वाहन चालकों को भी काफी सावधानी के साथ निकलना पड़ा।
यह मार्ग कोयला और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन वाहन फंसने, जाम लगने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इससे लोगों का समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब हालत लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई है। उनका आरोप है कि कई बार समस्या उठाने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके और आवागमन सुचारु रूप से चलता रहे।




