Sonbhadra News : पुण्यतिथि पर याद किए गए रालोद के संस्थापक चौ0 अजीत सिंह
राष्ट्रीय लोक दल के संस्थापक व पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह की पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ताओं ने नगर स्थित सिचाई डॉक बंगले पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इस दौरान....

चौधरी अजीत सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ता...
sonbhadra
2:51 PM, May 6, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । राष्ट्रीय लोक दल के संस्थापक व पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह की पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ताओं ने नगर स्थित सिचाई डॉक बंगले पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सर्वप्रथम भारत रतन चौ0 चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तत्पश्चात रालोद के संस्थापक चौ0 अजीत सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए नवनियुक्त जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने स्व0 अजीत सिंह को चौधरी चरण सिंह के किसान केंद्रित राजनीतिक विरासत का सच्चा अनुयाई बताते हुए कृषि मंत्री के रूप में किसानों के हित में उनके द्वारा लिए गए युगांतरकारी निर्णयों पर प्रकाश डाला। देश दुनिया के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों से शिक्षा प्राप्त करने वाले चौ0 अजीत सिंह ने अपना पूरा जीवन किसानों के लिए समर्पित कर दिया। समकालीन राजनीति में किसानों का हितैषी ऐसा कोई नेता पैदा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि चौधरी अजीत सिंह का सोनभद्र से गहरा नाता था। मुन्ना सिंह चौहान के सिंचाई मंत्री होते समय उन्होंने सोनभद्र के सुदूर जंगली क्षेत्रों तक का भ्रमण किया था और जसौली सिंचाई परियोजना जैसी कई सौगातें सोनभद्र के किसानों को दी थीं।
वहीं युवा रालोद के प्रदेश सचिव विवेक चतुर्वेदी ने चौ0 अजीत सिंह को एक दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि "चौ0 अजीत सिंह आधुनिक तकनीकी से कृषि को जोड़कर किसानों के जीवन में बड़े परिवर्तन की सोच रखते थे। इसी दृष्टि से उन्होंने कई कृषि अनुसंधान संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों की स्थापना भी कराई। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में वो सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलते थे। वे हर वर्ग की आवाज को सुनते थे और उसे राष्ट्रीय स्तर पर उठाते थे।"
युवा रालोद जिलाध्यक्ष प्रशांत विष्णु प्रताप सिंह ने विचार रखते हुए कहा कि "चौधरी साहब बड़े दूरदर्शी विचार के नेता थे। किसानों, कामगारों और समाज के निचले तबके को उठाने के लिए किए गए उनके प्रयासों के लिए उन्हें सदा याद किया जाता रहेगा।"
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि चौधरी साहब के सपनों को साकार करने के लिए शांति और देश की प्रगति के लिए मिलजुल कर काम करेंगे। कार्यक्रम का संचालन संगठन महासचिव पवन शुक्ला ने किया। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी विकास पाण्डेय, अनिल प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष व्यापार सभा सचिन गुप्ता, जिलाध्यक्ष छात्र सभा सुरज, अनुप केशरी, विरेन्द्र मिश्रा, बाबा रामदेव, ओमप्रकाश भारती, अमीन अंसारी, दीपक गुप्ता, बबुन्दर यादव, सुनील गुप्ता, भूषण पटेल समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



