Sonbhadra News : गेहूं खरीद शुरू न होने पर RLD जिलाध्यक्ष ने उठाई आवाज, डीएम को पत्र लिखकर शीघ्र खरीद प्रक्रिया शुरू कराने की मांग
जनपद में गेहूं खरीद प्रक्रिया शुरू न होने को लेकर राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने सोमवार को जिलाधिकारी को पत्र लिखकर किसानों की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया......

sonbhadra
8:13 AM, April 7, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में गेहूं खरीद प्रक्रिया शुरू न होने को लेकर राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने सोमवार को जिलाधिकारी को पत्र लिखकर किसानों की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया। पत्र के माध्यम से उन्होंने अवगत कराया कि प्रदेश सरकार द्वारा गेहूं खरीद वर्ष 2026-27 के लिए 15 मार्च से खरीद प्रक्रिया प्रारंभ किए जाने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन जनपद सोनभद्र में अब तक खरीद शुरू नहीं हो सकी है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में मौसम खराब होने के कारण किसानों के बीच भय का माहौल बना हुआ है। किसान अपनी गेहूं की फसल की कटाई कर उसे खलिहानों में तैयार रखे हुए हैं और सरकारी खरीद शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
श्रीकांत त्रिपाठी ने कहा कि "किसानों की मेहनत की फसल खुले में पड़ी है और मौसम की मार का खतरा बना हुआ है। यदि जल्द खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं हुई, तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। प्रशासन को चाहिए कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल गेहूं खरीद शुरू कराए।"
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र से शीघ्र गेहूं खरीद प्रक्रिया प्रारंभ कराई जाए, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की आर्थिक क्षति से बचाया जा सके।



