Sonbhadra News : डिजिटल अरेस्ट कर रिटायर्ड अधिकारी से 2 करोड़ 36 लाख की ठगी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बैंक खातों पर रोक लगवाई और संबंधित बैंकों में अलर्ट कर आरोपी के मोबाइल नंबर व खातों की निगरानी शुरू की।

sonbhadra
4:12 PM, September 25, 2026
- 2 महिला समेत तीन गिरफ्तार
- गिरफ्तार अभियुक्तों का मंगेतर और सास का रिश्ता
- बैंक अधिकारी की सक्रियता से खुला राज
शांतनु कुमार/प्रकाश खत्री
सोनभद्र पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक ऐसे गिरोह को गिरफ्तार किया है जिसने डिजिटल अरेस्ट कर 2 करोड़ 36 लाख का ठगी कर लिया। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब पूछताछ में पता चला कि गिरोह के तीनों सदस्य आपस में मंगेतर और सास हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि अभियुक्त AI तकनीक का दुरुपयोग कर Deepfake Images और फर्जी Documents तैयार कर पीड़ित को ब्लैकमेल और एक्सटॉर्शन कर रहा था। मुख्य अभियुक्त को प्रयागराज के ओमेक्स अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया। उसके साथ एक्सटॉर्शन में सहयोग करने वाली 2 महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया।
22 सितंबर को SBI के शाखा प्रबंधक ने साइबर थाने को सूचना दिया कि एक सेवानिवृत्त कर्मचारी लगातार किसी को पैसा ट्रांसफर कर रहा है और पूछने पर कुछ बता नहीं रहा, लग रहा है वह किसी के दबाव में है।
पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और व्यक्ति से पूछताछ शुरू किया तो पता चला कि हायर ज्यूडिशियरी और शासन के अधिकारियों का भय दिखाकर उसे डिजिटल अरेस्ट किया गया था और तीन अलग-अलग खातों में 2 करोड़ 36 लाख ट्रांसफर करा लिए गए थे और अभी भी पैसों की मांग की जा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बैंक खातों पर रोक लगवाई और संबंधित बैंकों में अलर्ट कर आरोपी के मोबाइल नंबर व खातों की निगरानी शुरू की। एसपी ने बताया कि इसके लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित की थीं।
टीम द्वारा मुख्य अभियुक्त को प्रयागराज स्थित ओमेक्स अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त की निशानदेही पर एक्सटॉर्शन की धनराशि से खरीदी गई 01 अदद टाटा हैरियर कार एवं ₹2,10,000/- नकद बरामद किए गए। प्रकरण में एक्सटॉर्शन में सहयोग करने वाली 2 महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़ित की फ्रॉड हुई धनराशि में से ₹75 लाख रुपये होल्ड कराए गए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अरुण कुमार दुबे पुत्र हर्ष प्रसाद दुबे, निवासी विजयपुर कलना, चुनार, मिर्जापुर, प्रियंका मिश्रा पत्नी स्व0 संतोष कुमार मिश्रा, निवासी घोड़ागल्ली, श्रीवर्धन, रायगढ़, महाराष्ट्र, तेजल पुत्री स्व0 संतोष कुमार मिश्रा, निवासी घोड़ागल्ली, श्रीवर्धन, रायगढ़, महाराष्ट्र शामिल है। बताया जा रहा है कि अरुण कुमार दुबे और तेजल मंगेतर हैं जबकि प्रियंका मिश्रा अरुण की होने वाली सास हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 05 मोबाइल, 2.10 लाख नकद, फर्जी अधिवक्ता ID, टाटा हैरियर कार बरामद किया है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम-
प्र0नि0 धीरेन्द्र कुमार चौधरी, साइबर थाना/साइबर सेल, सोनभद्र, प्र0नि0 नागेश कुमार सिंह, थाना ओबरा, जनपद सोनभद्र, उ0नि0 बृजेश दूबे, साइबर थाना, सोनभद्र, हे0का0 संजय वर्मा साइबर, थाना, सोनभद्र, हे0का0 मनीष सिंह स्वाट टीम सोनभद्र, का0 जय प्रकाश सरोज, स्वाट टीम, सोनभद्र,का0 सुनील रावत, साइबर सेल, सोनभद्र।




