Sonbhadra News : रिहायसी इलाके में कूड़ा के डंप किये जाने से रहवासी परेशान, किया प्रदर्शन
ओबरा नगर पंचायत पर गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि नगर पंचायत सेक्टर 9 से सटे रिहायशी वार्ड 15 में उत्तर प्रदेश उत्पादन निगम ओबरा की जमीन पर कूड़ा फेंक रही है। इस डंपिंग स्थल पर कूड़े के साथ मरे हुए...

sonbhadra
9:57 PM, November 12, 2025
घनश्याम पाण्डेय (संवाददाता)
ओबरा । ओबरा नगर पंचायत पर गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि नगर पंचायत सेक्टर 9 से सटे रिहायशी वार्ड 15 में उत्तर प्रदेश उत्पादन निगम ओबरा की जमीन पर कूड़ा फेंक रही है। इस डंपिंग स्थल पर कूड़े के साथ मरे हुए जानवर भी फेंके जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में गंभीर प्रदूषण फैल रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि "कूड़े की दुर्गंध से उनका जीना दूभर हो गया है। रात के समय इन कूड़ों में आग लगा दी जाती है, जिससे निकलने वाली जहरीली गैस पूरे क्षेत्र में फैल जाती है। ओबरा सेक्टर 9 से लेकर खैरटिया तक का वातावरण इस गैस से दूषित हो रहा है। जहरीली गैस के कारण सेक्टर 9, सेक्टर 2 और खैरटिया के सभी क्षेत्रों में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस प्रदूषण के कारण कई लोग स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों और कैंसर जैसी घातक बीमारियों से ग्रसित होकर अपनी जान गंवा चुके हैं।"
ग्राम सेवा समिति के अध्यक्ष शिव दत्त दुबे ने इस स्थिति की कड़ी निंदा की है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मौके पर जाकर जांच करने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने इस कूड़ा डंप को तत्काल बंद कराने का अनुरोध किया है, ताकि लोग स्वच्छ हवा में सांस ले सकें। राकेश केसरी ने भी बताया कि पूरे नगर पंचायत क्षेत्र का कूड़ा यहीं फेंका जा रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए निवासियों ने जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी ओबरा से मुलाकात की है, लेकिन अब तक कोई हल नहीं निकला।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी इस संबंध में पत्र लिखा गया था। पत्र के बाद, उत्तर प्रदेश शासन के सचिव को 15 दिनों के भीतर मामले की आख्या रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, सोनभद्र के क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारी आर0के0 सिंह ने केवल खानापूर्ति करते हुए अधिशासी अधिकारी से आख्या रिपोर्ट मांगी है।




