Sonbhadra News : पुनर्वास कॉलोनी में बिना अनुमति बन रहे आवासीय छात्रावास, अधिशासी अभियंता ने रोका
कनहर विस्थापितों के लिए नगवा ग्राम पंचायत में बनाई गई सिंचाई विभाग की पुनर्वास कॉलोनी में बिना अनुमति निर्माणाधीन आवासीय छात्रावास के कार्य को सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने मौके पर पहुंचकर रोका।

sonbhadra
7:23 PM, August 13, 2026
राजा (संवाददाता)
अमवार (सोनभद्र) । कनहर विस्थापितों के लिए नगवा ग्राम पंचायत में बनाई गई सिंचाई विभाग की पुनर्वास कॉलोनी में बिना अनुमति निर्माणाधीन आवासीय छात्रावास के कार्य को सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने मौके पर पहुंचकर रोक दिया। निर्माण को लेकर विभागीय अनुमति और भूमि चयन की प्रक्रिया पर सवाल उठने के बाद यह कार्रवाई की गई।
बताया गया कि पुनर्वास कॉलोनी परिसर में आवासीय विद्यालय के लिए छात्रावास का निर्माण कराया जा रहा था। मौके पर पहुंचे सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और बिना विभागीय अनुमति के कार्य कराए जाने पर तत्काल निर्माण रोकने के निर्देश दिए।
मौके पर मौजूद ठेकेदार के कर्मचारी ने बताया कि उक्त जमीन का चयन लेखपाल द्वारा किया गया है। कर्मचारी के अनुसार लेखपाल ने जमीन की नापी करने के बाद इसी स्थान पर निर्माण कराने की बात कही थी।
वहीं, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता द्वारा निर्माण कार्य रोके जाने के बाद अब भूमि चयन, निर्माण की अनुमति तथा संबंधित विभागों से ली गई स्वीकृतियों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने भी मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।




