Sonbhadra News : मलेरिया मामलों में कमी, फिर भी सतर्कता जरूरी - सीएमओ
विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जनपद में मलेरिया उन्मूलन को लेकर जागरूकता और रणनीति पर मंथन हुआ। स्वास्थ्य विभाग ने साफ संदेश दिया कि अब समय आ गया है कि मलेरिया के खिलाफ अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर.....

sonbhadra
5:37 PM, April 25, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जनपद में मलेरिया उन्मूलन को लेकर जागरूकता और रणनीति पर मंथन हुआ। स्वास्थ्य विभाग ने साफ संदेश दिया कि अब समय आ गया है कि मलेरिया के खिलाफ अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर इसे जड़ से खत्म किया जाए। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय सभागार में सीएमओ डॉ0 पंकज कुमार राय की अध्यक्षता में "अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा" थीम के साथ गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी में जिला मलेरिया अधिकारी डी.के. श्रीवास्तव ने पीपीटी के माध्यम से जनपद में मलेरिया की वर्तमान स्थिति, इसके प्रसार, रोकथाम और उपचार के विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने मलेरिया रोगियों की पहचान और इलाज में आने वाली प्रमुख चुनौतियों जैसे जादू-टोना, झोलाछाप डॉक्टरों का प्रभाव और जागरूकता की कमी पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 पंकज कुमार राय ने बताया कि "जनपद में मलेरिया के मामलों में लगातार कमी दर्ज की जा रही है, जो स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रत्येक बुखार के मरीज की मलेरिया जांच जनपद में निःशुल्क की जाती है और आशा कार्यकर्ताओं को इसके लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।"
मेडिकल कॉलेज के कम्यूनिटी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष ने मलेरिया के प्रभावी उपचार और समय पर जांच के महत्व को रेखांकित करते हुए चिकित्सकीय पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम का समापन वीबीडी/अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रेमनाथ द्वारा किया गया।
इस अवसर पर एसीएमओ डॉ0 गिरधारी लाल, डॉ0 सुमन जायसवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रिपुंजय श्रीवास्तव, अपर मलेरिया अधिकारी आर0के0 सिंह, मलेरिया निरीक्षक पी0के0 सिंह, अनिल दूबे, कुमार शुभम, देवाशीष पाण्डेय, मधु, जूही सिंह, सभाजीत प्रसाद एवं अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




