Sonbhadra News : भारी बरसात में कच्चा मकान ढहा, चार लोग घायल
घोरावल तहसील क्षेत्र में सोमवार की रात से लगातार हो रही बरसात से घोरावल क्षेत्र में कई कच्चे घर प्रभावित हो रहे हैं। खुटहां बाईपास के समीप सुबह एक कच्चा घर पानी के कारण गिर पड़ा ।

sonbhadra
8:12 PM, September 17, 2024
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
- सरकार के दावों की खुली पोल
घोरावल । घोरावल तहसील क्षेत्र में सोमवार की रात से लगातार हो रही बरसात से घोरावल क्षेत्र में कई कच्चे घर प्रभावित हो रहे हैं। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के खुटहां बाईपास के समीप मंगलवार को सुबह एक कच्चा घर पानी के कारण गिर पड़ा।
घर में सो रहे लोग घायल हो गए। नीरज व उसके परिजन घायल हो गए हैं। नीरज मजदूरी करता है। वह अनुसूचित जाति का है, उसे शासन के तरफ से अब तक आवास भी नहीं मिला है।
मिट्टी खपरैल के घर में नीरज 35 वर्ष पुत्र शंकर, रेखा 30 वर्ष पत्नी नीरज, नयना 14 पुत्री नीरज, साधना 4 पुत्री नीरज और उसके अन्य दो छोटे बच्चे सो रहे थे। मंगलवार की सुबह मिट्टी की दीवार बैठ गई और लकड़ी का बड़ेर टूट कर गिर पड़ा। जिससे खपरैल व लकड़ियां टूट कर उन सभी के ऊपर गिर पड़ा।
बड़ेर और खपरैल टूट कर गिरने से सभी घायल हो गए। 4 लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। 2 बच्चों को मामूली खरोच आई। घटना के बाद सभी घायलों को एम्बुलेंस से सीएचसी ले जाया गया जहाँ रेखा का पैर फ्रैक्चर होने तथा अन्य घायलो को भीतरी चोट लगने के कारण डाक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों को दोपहर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
लेखपाल इंदु शेखर त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और मुआयना कर क्षति का आकलन कर तहसील में रिपोर्ट भेज दिए हैं, ताकि राहत राशि पीड़ित परिवार को उपलब्ध हो जाए।




