Sonbhadra News : हिण्डाल्को रेणुकूट के रवि सिंह ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीता रजत पदक, देश का बढ़ाया मान
सोनभद्र जनपद के हिण्डाल्को रेणुकूट निवासी रवि सिंह ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम रोशन किया है।


Office Address :सोनभद्र, उत्तरप्रदेश (231216)
Chief Editer :Shantanu Kumar Biswas
Contact Us :+91 9415873885

Janpad Mirror
मनोज बर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट (सोनभद्र) । सोनभद्र जनपद के हिण्डाल्को रेणुकूट निवासी रवि सिंह ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम रोशन किया है। हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत रवि सिंह ने यूरोप के देश रोमानिया की राजधानी बुकारेस्ट में आयोजित 8वीं वर्ल्ड क्वान की डो चैंपियनशिप 2026 में रजत पदक जीतकर देश, प्रदेश और जिले को गौरवान्वित किया है। यह प्रतियोगिता 20 से 24 मई 2026 तक आयोजित हुई, जिसमें दुनिया के 37 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
रवि सिंह, स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह के पुत्र हैं अपनी मेहनत, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास के दम पर उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। विशेष बात यह है कि रवि सिंह उत्तर प्रदेश के पहले खिलाड़ी हैं जिन्हें इस प्रतिष्ठित विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त हुआ। विश्व चैंपियनशिप के लिए रवाना होने से पूर्व हिण्डाल्को के मुखिया समीर नायक, क्लस्टर एच आर हेड- जसबीर सिंह, एचआर हेड- अजय सिन्हा, ब्वॉयलर को-जेन के हेड- कैलाश प्रधान व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने रवि सिंह को शुभकामनाएं देकर सम्मानपूर्वक विदा किया था। अधिकारियों ने उनकी उपलब्धि को हिण्डाल्को परिवार के लिए गर्व का विषय बताया और विश्व मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की थी।
रवि सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, सहयोगियों तथा हिण्डाल्को रेणुकूट प्रबंधन को दिया। रवि सिंह ने कहा, “देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा गर्व है। यह उपलब्धि केवल मेरी नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की है जिन्होंने हर कदम पर मेरा समर्थन किया। मैं आगे भी पूरी मेहनत और समर्पण के साथ भारत का नाम रोशन करने का प्रयास करता रहूंगा।” रवि सिंह की इस उपलब्धि पर हिण्डाल्को रेणुकूट एवं पूरे सोनभद्र जिले में खुशी का माहौल है। आदित्य बिड़ला ग्रुप के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों, सहकर्मियों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।