Sonbhadra News : राम मन्दिर की घटना दुर्भाग्यपूर्ण, 2027 चुनाव पर नहीं पड़ेगा कोई असर- पंकज चौधरी
राम मंदिर में आर्थिक चोरी के संबंध में उन्होंने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी फिलहाल जाँच चल रही है तथा सरकार ने कहा है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा ।

sonbhadra
7:29 PM, July 8, 2026
शांतनु कुमार/आनंद चौबे
सोनभद्र । केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने यहाँ एक प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि वो मीडिया संवाद कार्यक्रम में भाग लेने आए हैं साथ ही कार्यकर्ताओं से भी संवाद करना उनका उद्देश्य है ।
चौधरी ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि इस दौरे को चुनाव से जोड़ कर भी देखा जा सकता है । उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते नए पुराने कार्यकर्ताओं से मिलकर उनसे वस्तु स्थिति से अवगत होना भी दौरे का हिस्सा है । राम मंदिर में आर्थिक चोरी के संबंध में उन्होंने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी फिलहाल जाँच चल रही है तथा सरकार ने कहा है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा । उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो इसका पूरा प्रयास किया जाएगा । प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राम मंदिर प्रकरण का चुनाव पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा क्योंकि हम निष्पक्ष जाँच करा रहे हैं तथा दोषियों को सरकार नहीं बख्शेगी l उन्होंने कहा कि जो आरोप लगा रहे हैं उन्होंने ख़ुद पहले राम भक्तों पर गोलियां चलवाई है, विपक्षियों ने राम के अस्तित्व को मानने से इनकार कर दिया था इसलिए जनता उन पर भरोसा नहीं करेगी साथ ही ऐसे लोगों के कुछ भी कहने से देश की जनता भ्रमित नहीं होगी । उन्होंने कहा कि जनपद में औद्यिगिक क्षेत्र का निर्माण होने पर युवाओं को नौकरी मिलेगी । महिलाओं के आरक्षण के विषय में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहुत सतर्क हैं और महिलाओं का आरक्षण का बिल भी भाजपा ने ही पास कराया है l 2024 में विपक्ष को चुनाव में हुए लाभ के संबंध में उन्होंने कहा कि विपक्ष ने झूठा नैरेटिव फैला कर जानता को भ्रमित कर दिया था लेकिन अब जानता समझ चुकी है और उनके बहकावे में नहीं आयेगी l उन्होंने कहा कि राम मंदिर में हुई घटना से वो स्वयं और पूरी पार्टी आहत है l
एक प्रश्न के उत्तर में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जो लोग राम मंदिर में चोरी किए और जो इसको राष्ट्रीय मुद्दा बना रहे हैं वो सभी आस्था से खिलवाड़ कर रहे हैं l जनगणना के संबंध में उन्होंने कहा कि जनगणना भी होगी और उससे जनता को लाभ भी मिलेगा अन्य दलों की तरह से हम उसे ठंडे बस्ते में नहीं डालेंगे l महिलाओं की सुरक्षा के संबंध में उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना करने पर उसको बख्शा नहीं जाएगा l उन्होंने कहा की 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा की स्थिति और वर्तमान में बहुत अंतर आ गया है l पूर्व में जहाँ महिलाओं के साथ कोई घटना होने पर शिथिलता बरती जाती थी वहीं अब योगी जी के राज में त्वरित कार्यवाही की जाती है l




