Sonbhadra news : बारिश ने छीना गरीब का आशियाना, खुले आसमान के नीचे आया पूरा परिवार
सदर विकासखंड क्षेत्र के महुआंव कला गांव में लगातार हो रही बारिश ने एक गरीब परिवार की जिंदगी मुश्किलों में डाल दी।

sonbhadra
6:22 PM, August 26, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। सदर विकासखंड क्षेत्र के महुआंव कला गांव में लगातार हो रही बारिश ने बीती रात एक गरीब परिवार की जिंदगी मुश्किलों में डाल दी। बारिश के कारण राजकुमार भारती पुत्र मंगरु का कच्चा मकान अचानक भरभराकर धराशायी हो गया। मकान गिरने से घर-गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर बर्बाद हो गया, जबकि परिवार के सामने अब रहने और भोजन तक का संकट खड़ा हो गया है।
मकान ढहने के बाद राजकुमार भारती का पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। घर में रखा जरूरी सामान नष्ट होने के साथ ही खाने-पीने के लिए रखा राशन भी बर्बाद हो गया। परिवार के सामने अब दो वक्त के भोजन का भी संकट उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार गरीबों के लिए आवास समेत तमाम योजनाएं चला रही है, लेकिन इसके बावजूद कई जरूरतमंद परिवार आज भी कच्चे और जर्जर मकानों में जिंदगी गुजारने को मजबूर हैं। बारिश ने राजकुमार भारती के परिवार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता, खाद्यान्न तथा सुरक्षित आवास की व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी जिम्मेदार अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और परिवार को राहत दिलाने की अपील की है।




