Sonbhadra News : होली पर रेलवे की सौगात, पहली बार सोनभद्र होकर जाएगी होली स्पेशल ट्रेन
होली पर घर जाने का सपना संजोकर बैठे लोगों के लिए अच्छी खबर है। दक्षिणी-पूर्वी रेलवे झारखंड के रांची से सोनभद्र होते हुए नई दिल्ली के आनन्द विहार के बीच होली स्पेशल ट्रेन चलाएगा। इस ट्रेन में एसी.....

sonbhadra
11:18 PM, February 27, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । होली पर घर जाने का सपना संजोकर बैठे लोगों के लिए अच्छी खबर है। दक्षिणी-पूर्वी रेलवे झारखंड के रांची से सोनभद्र होते हुए नई दिल्ली के आनन्द विहार के बीच होली स्पेशल ट्रेन चलाएगा। इस ट्रेन में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, स्लीपर एवं सामान्य श्रेणी के कोच रहेंगे। अब इसके रूट से लेकर डेट और टाइमिंग तक सबकुछ सामने आ गया है।
स्टेशन मास्टर राममनी सारस्वत ने बताया कि "दक्षिणी-पूर्वी रेलवे ने होली त्योहार के दौरान यात्रियों की मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले को पहली बार रांची से आनंद विहार के बीच विशेष किराये पर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 28 फरवरी और 7 मार्च दिन शनिवार को रांची से 16.25 बजे चलेगी जो 1.35 पर सोनभद्र पहुंचेगी और 1.37 पर नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगी। वहीं 1 मार्च और 8 मार्च रविवार को नई दिल्ली से 17.10 बजे चलेगी और 9.55 बजे सोनभद्र पहुंचेगी और 9.57 बजे रांची के लिए प्रस्थान करेगी।"
गौरतलब है कि रेलवे द्वारा हर साल होली, दिवाली और छठ महापर्व जैसे सभी बड़े त्योहारों के मौके पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ और मांग को देखते हुए समय-समय पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाती हैं। वहीं जनपद सोनभद्र के लिए पहली बार होली स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। जिससे जिले से नई दिल्ली कमाने गए लोगों को होली पर वापस घर लौटने पर सहूलियत मिलेगी। होली स्पेशल ट्रेन 28 फरवरी से 8 मार्च के बीच कुल चार फेरे लगाएगी।



