Sonbhadra News : लगातार दूसरे दिन भी बंद रहा रेलवे फाटक, राहगीर हुए परेशान
रेलवे ट्रैक के स्लीपरों की मरम्मत के चलते रॉबर्ट्सगंज रेलवे फाटक पिछले दो दिन से सुबह 9 बजे तक बंद हो जा रहा है। इससे दर्जनों गांवों का यातायात प्रभावित हो रहा है। वहीं दो दिन बाद दीपावली का पर्व...

sonbhadra
7:49 AM, October 29, 2024
आनंद कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रेलवे ट्रैक के स्लीपरों की मरम्मत के चलते रॉबर्ट्सगंज रेलवे फाटक पिछले दो दिन से सुबह 9 बजे तक बंद हो जा रहा है। इससे दर्जनों गांवों का यातायात प्रभावित हो रहा है। वहीं दो दिन बाद दीपावली का पर्व होने से लोगों को बाजार जाकर खरीदारी करने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं शाम 6 बजे के बाद फाटक खुलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि रेलवे प्रशासन ने चार दिन पूर्व ही 27 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक मरम्मत कार्य के लिए रेलवे फाटक बंद होना का नोटिफिकेशन जारी किया था, वहीं व्यापारियों ने दीपावली का हवाला देते हुए रेलवे प्रशासन के इस फैसले पर विरोध दर्ज कराया है।
15 किमी0 अतिरिक्त सफर करने को विवश चार पहिया वाहन चालक -
रॉबर्ट्सगंज में रेल ट्रैक की मरम्मत के चलते जहाँ दो पहिया वाहन चालकों को सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर बने फुट ओवर ब्रिज से आवागमन की सुविधा तो मिल जा रही है लेकिन चार पहिया, एम्बुलेंस, स्कूली वाहनों तथा और बड़े वाहनों को 15 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करने को विवश होना पड़ रहा है। चार पहिया और बड़े वाहनों को शाहगंज रजवाहा के बगल से होकर चुर्क होते हुए रॉबर्ट्सगंज जाना पड़ रहा है, जिससे समय के साथ-साथ फ्यूल की भी बर्बादी हो रही है। वहीं रेलवे फाटक के दोनों तरफ ऑटो व टोटो लगा कर पैदल सवारियों को सहूलियत दिया जा रहा है।
धनतेरस को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने आज कार्य नहीं करने का लिया फैसला -
वहीं स्थानीय लोगों हुए व्यापारियों ने जिला प्रशासन तथा रेलवे विभाग के उच्च अधिकारियों से इस कार्य को तेजी से मुकम्मल करने की मांग की है। उधर, जब इस संबंध में रेलवे अधिकारी से बात की गई तो उनका कहना था कि ट्रैक के स्लीपरों की मरम्मत करना आवश्यक था। काम चल रहा है। इसी कारण फाटक बंद है, वैसे धनतेरस को देखते हुए आज फाटक बंद नहीं रहेगा, अब शेष बचा कार्य 30 अक्टूबर को कराया जायेगा।




