Sonbhadra News : सोन नदी में मृत मगरमच्छ मिलने से वन्यजीव संरक्षण पर उठे सवाल
करगरा स्थित सोन नदी में बुधवार दोपहर एक मृत मगरमच्छ का शव नदी की सतह पर उतराता दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

sonbhadra
9:46 AM, August 6, 2026
राकेश चौबे/आनंद चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। करगरा स्थित सोन नदी में बुधवार दोपहर एक मृत मगरमच्छ का शव नदी की सतह पर उतराता दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि जनपद न्यूज Live इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
स्थानीय लोगों के अनुसार मगरमच्छ की मौत एक-दो दिन पहले हुई होगी। शरीर फूल जाने के कारण उसका शव नदी की सतह पर आ गया। नदी में मृत मगरमच्छ दिखाई देने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत मगरमच्छ के शव को कब्जे में लेकर वन चौकी ले गई। विभागीय अधिकारियों द्वारा मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी गई है। माना जा रहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मगरमच्छ की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
बहरहाल, सोन नदी में मृत मगरमच्छ मिलने की घटना ने वन्यजीव संरक्षण और नदी क्षेत्र में चल रही गतिविधियों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें वन विभाग की जांच पर टिकी हैं कि आखिर इस दुर्लभ जलीय जीव की मौत स्वाभाविक थी या इसके पीछे कोई और कारण है यह तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।




