Sonbhadra News : बघाडू में यात्री शेड के स्थल चयन पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
बघाडू ग्राम पंचायत क्षेत्र में प्रस्तावित यात्री शेड के निर्माण स्थल को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थल चयन को गलत बताते हुए सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर प्रदर्शन किया।

sonbhadra
7:49 PM, December 22, 2025
राजा (संवाददाता)
अमवार (सोनभद्र) । दुद्धी तहसील क्षेत्र के बघाडू ग्राम पंचायत क्षेत्र में प्रस्तावित यात्री शेड के निर्माण स्थल को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थल चयन को गलत बताते हुए सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर यात्री शेड बनाया जा रहा है, वह न तो यात्रियों के लिए सुविधाजनक है और न ही वहां बसों का ठहराव होता है।और न ही गाँव का कोई मुख्य मार्ग है जब यात्री ही नही तो कौन ठहरेगा यहाँ।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना ग्रामसभा की सहमति और स्थानीय लोगों से चर्चा किए ही मनमाने ढंग से स्थल का चयन कर लिया गया। इससे यात्रियों को लाभ मिलने के बजाय असुविधा बढ़ेगी। ग्रामीण पुर्व प्रधान ललित सिंह, रमाशंकर गुप्ता, देवमुरत गौड़ ने मांग किया कि यात्री शेड का निर्माण मुख्य मार्ग अथवा बस स्टॉप के समीप किया जाए, जहां यात्रियों को छांव और बैठने की वास्तविक सुविधा मिल सके।
विरोध के दौरान ग्रामीण गोविन्द बीडीसी, राजेन्द्र सिंह, राम सागर, धान सिंह, अशर्फी लाल, चंद्रशेखर, मुन्ना प्रजापति, प्रभु गुप्ता, राम केवल, रामनारायण ने संबंधित विभाग और पंचायत प्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी भी की। ग्रामीण ने स्पष्ट किया कि यदि स्थल परिवर्तन नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है, लेकिन मामले ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना लिया है।




