Sonbhadra news : VB-G RAM G की NMMS हाजिरी पर उठे सवाल, मौके पर काम नहीं और ऑनलाइन रिकॉर्ड में श्रमिक ‘Present’
ग्राम पंचायत सलखन में VB-G RAM G के तहत दर्ज नाली खुदाई एवं सफाई कार्य की NMMS अटेंडेंस को लेकर शिकायत सामने आई है।

sonbhadra
6:57 PM, September 19, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। ग्राम पंचायत सलखन में VB-G RAM G के तहत दर्ज नाली खुदाई एवं सफाई कार्य की NMMS अटेंडेंस को लेकर शिकायत सामने आई है। शिकायतकर्ता राघवेंद्र कुमार ने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की स्थलीय जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 10, 12 और 16 सितंबर 2026 को संबंधित कार्य में NMMS पोर्टल पर श्रमिकों की उपस्थिति ‘Present’ दर्ज है, जबकि मौके पर नाली खुदाई और सफाई का कार्य दिखाई नहीं दिया। शिकायत के साथ NMMS अटेंडेंस के स्क्रीनशॉट और कार्यस्थल की तस्वीरें उपलब्ध कराने का दावा किया गया है।
शिकायतकर्ता ने NMMS रिकॉर्ड, फोटो, मस्टर रोल, एमबी, एस्टीमेट और स्वीकृति अभिलेखों का मौके की वास्तविक स्थिति से मिलान कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित श्रमिकों से कार्य की पुष्टि और ग्राम पंचायत मित्र की कार्यप्रणाली की जांच की मांग भी की गई है।
जांच तक भुगतान रोकने की मांग
शिकायतकर्ता ने कहा है कि जांच पूरी होने तक संबंधित भुगतान अभिलेखों का सत्यापन कराया जाए। यदि जांच में बिना कार्य के उपस्थिति दर्ज कराने या सरकारी धन के गलत भुगतान की पुष्टि होती है तो जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई और वसूली की जाए।
अब निगाह प्रशासन की जांच पर है कि NMMS रिकॉर्ड और मौके की हकीकत में कितना मेल है।




