Sonbhadra news : अश्लील गाने बजाने का विरोध पड़ा भारी, युवक पर हमला
बभनी गांव में तेज आवाज में अश्लील गाने बजाने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया।

sonbhadra
6:42 PM, September 21, 2026
राजेश कुमार (संवाददाता)
बभनी, सोनभद्र। थाना क्षेत्र के बभनी गांव में तेज आवाज में अश्लील गाने बजाने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि पड़ोसी के मकान में किराये पर रह रहे कुछ लोगों ने शराब के नशे में युवक के साथ मारपीट की। घटना में युवक के सीने में चोट आई है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि बीती रात करीब 9:45 बजे बभनी गांव निवासी अरुण कुमार ने पड़ोसी शंभू प्रसाद से शिकायत की कि उनके मकान में रहने वाले किराएदार काफी तेज आवाज में अश्लील गाने बजा रहे हैं। आरोप है कि नशे की हालत में वे आपत्तिजनक व्यवहार भी कर रहे थे, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी।
शिकायत के बाद अरुण कुमार और शंभू प्रसाद मामले को शांत कराने तथा किराएदारों को समझाने के लिए उनके पास पहुंचे। आरोप है कि बातचीत के दौरान वहां मौजूद करीब पांच-छह लोगों ने अचानक दोनों से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
पीड़ित के मुताबिक, हमलावरों में से एक ने किसी वस्तु से उस पर वार कर दिया, जिससे उसके सीने में चोट लग गई। आरोप यह भी है कि इस दौरान गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर वहां से हट गए।
घायल अरुण कुमार को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्होंने बभनी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में थाना प्रभारी अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




