Sonbhadra news : गेहूं क्रय केंद्र पर खरीद शुरू, किसानों की शिकायत के बाद बदले गए प्रभारी
किसानों की शिकायतों के बाद केंद्र के पूर्व प्रभारी वकालत हुसैन को हटाकर नितिन पटेल को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

sonbhadra news
9:13 PM, June 3, 2026
राकेश चौबे
मारकंडी (सोनभद्र)। विकासखंड नगवां के अंतर्गत रामपुर बीपैक्स में संचालित गेहूं क्रय केंद्र पर खरीद प्रक्रिया फिर से शुरू हो गई है। किसानों की शिकायतों के बाद केंद्र के पूर्व प्रभारी वकालत हुसैन को हटाकर नितिन पटेल को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय किसानों ने केंद्र संचालन में अनियमितताओं की शिकायत सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारी समितियां देवेंद्र कुमार सिंह से की थी। शिकायत की जांच एडीसीओ रॉबर्ट्सगंज अवधेश सिंह और पीसीएफ के जिला प्रबंधक रोहित गुप्ता को सौंपी गई। जांच में किसानों द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए जाने पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए वकालत हुसैन को क्रय प्रभारी पद से हटा दिया और नितिन पटेल को केंद्र का नया प्रभारी नियुक्त किया।
प्रभारी बदलने के बाद रामपुर केंद्र पर गेहूं खरीद शुरू हो गई। बुधवार को एडीसीओ अवधेश सिंह ने केंद्र का निरीक्षण किया, जहां कुल 352 कुंतल गेहूं की खरीद दर्ज मिली। केंद्र प्रभारी नितिन पटेल ने बताया कि वर्तमान में बोरे समाप्त हो गए हैं। उम्मीद है कि अगले दिन बोरे उपलब्ध हो जाएंगे, जिसके बाद खरीद कार्य पुनः गति पकड़ लेगा।
निरीक्षण के दौरान एडीसीओ ने कोरियांव गेहूं क्रय केंद्र का भी जायजा लिया। वहां कुल 1903.50 कुंतल गेहूं की खरीद दर्ज पाई गई। केंद्र प्रभारी कौशल सिंह ने बताया कि अब तक 800 कुंतल गेहूं की डिलीवरी की जा चुकी है। इस केंद्र पर भी बोरों की कमी की समस्या सामने आई।
एडीसीओ ने संबंधित केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि क्रय एजेंसी से समन्वय स्थापित कर तत्काल बोरों की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और खरीद प्रक्रिया बाधित न हो।
निरीक्षण के दौरान नितिन पटेल, कौशल सिंह, वकालत हुसैन, जोखू सहित क्षेत्र के कई किसान मौजूद रहे।




