Sonbhadra news : जलभराव से राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें, नाली निर्माण की मांग
शांति नगर में सड़क पर पानी भर जाने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

sonbhadra
11:35 PM, August 17, 2026
विजय कुमार पटेल (संवाददाता)
बीजपुर, (सोनभद्र)। बरसात के साथ ही बीजपुर क्षेत्र में जल निकासी की समस्या गंभीर हो गई है। शांति नगर में सड़क पर पानी भर जाने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण सड़क पर बने गड्ढे भी दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के गिरने का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश के बाद कई दिनों तक सड़क पर पानी जमा रहता है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश के दौरान ऐसी स्थिति पैदा होती है।
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत स्तर पर समस्या के समाधान के लिए नाली निर्माण और सड़क से पानी की निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहेगी।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की है।




