Sonbhadra news : नाली निर्माण न होने से जलभराव की समस्या, लोगों ने उठाई मांग
तेलगुड़वा से सलेयाडीह तक बन रही मुख्य सड़क के किनारे नाली निर्माण न होने से कोटा बाजार क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

sonbhadra
1:49 PM, May 20, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला/सोनभद्र। तेलगुड़वा से सलेयाडीह तक बन रही मुख्य सड़क के किनारे नाली निर्माण न होने से कोटा बाजार क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत कोटा बाजार के कोटा खास चौराहे से बाजार, नवटोलिया और सलेयाडीह बाजार तक सड़क किनारे जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश और घरों का पानी सड़क पर जमा हो रहा है।
जलभराव के कारण सड़क पर कीचड़ और गंदगी फैल रही है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। लोगों का कहना है कि लंबे समय तक पानी जमा रहने से सड़क की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि बरसात शुरू होने पर समस्या और बढ़ सकती है। स्थानीय युवानेता दीप शर्मा ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जनहित को देखते हुए कोटा खास चौराहे से बाजार, नवटोलिया और सलेयाडीह बाजार क्षेत्र में जल्द नाली निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को जलभराव और गंदगी से राहत मिल सके।




