Sonbhadra News : बस अड्डे का शौचालय बंद, यात्री परेशान
महुली बस अड्डे पर प्रतिदिन दर्जनों गांवों के सैकड़ों लोगों की आवाजाही रहती है।यहां बना सुलभ शौचालय के क्रियाशील नही होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है

सोनभद्र
8:16 PM, August 25, 2026
- ग्राम प्रधान ने वैकल्पिक व्यवस्था बनाने की कही बात
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। दुद्धी ब्लॉक के महुली-पोलवा और पतरिहा गांवों के बीच स्थित महुली बस स्टैंड पर बना सार्वजनिक शौचालय पिछले कई महीनों से सफाई और देखरेख के अभाव में बंद पड़ा है। शौचालय बंद होने से बस स्टैंड पर आने-जाने वाले ग्रामीणों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत महिलाओं को हो रही है। महुली बस स्टैंड क्षेत्र में ग्रामीण बैंक के साथ ही आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों का प्रतिदिन आवागमन होता है। बसों के इंतजार में यहां रोजाना सैकड़ों लोग पहुंचते हैं। बस स्टैंड के आसपास करीब पांच सौ मीटर की दूरी तक घनी आबादी होने के कारण लोगों के लिए सार्वजनिक शौचालय की आवश्यकता बनी रहती है। इसके बावजूद लंबे समय से शौचालय बंद रहने से लोगों को खुले में शौच के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। शौचालय के बगल में खेल मैदान है शौचालय बंद होने के कारण कुछ लोग मैदान के किनारे शौच कर रहे हैं। इससे पूरे इलाके में गंदगी फैलने के साथ ही इन दिनों दुर्गंध भी उठ रही है। बस स्टैंड के आसपास स्थित दुकानदारों को भी बदबू के कारण परेशानी हो रही है।
राहगीरों और दुकानदारों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की गंदगी से संक्रमण फैलने का खतरा भी बना हुआ है। शौचालय की तत्काल सफाई कराकर उसे चालू कराने की मांग की है।
इस मामले में ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने बताया कि केयर टेकर की भूगतान नहीं होने से समस्या आ रही है तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था बना कर शौचालय को चालू कराया जाएगा।




