Sonbhadra News : मानकों को ताख पर रखकर संचालित हो रहे निजी हॉस्पिटल, जिम्मेदारों ने मूंदी आँखें
झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू में शुक्रवार की रात अग्निकांड में 10 नवजात बच्चों की मौत हो गई। शहर की बात करें तो यहां भी मानकों पर ताक पर रखकर तंग गलियों में हॉस्पिटल.

sonbhadra
12:38 AM, November 17, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• कई सफ़ेदपोशों के संरक्षण में फल फूल रहे हॉस्पिटल
• ऐसे हॉस्पिटलों पर हाँथ डालने से कतराते हैं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी
सोनभद्र । झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू में शुक्रवार की रात अग्निकांड में 10 नवजात बच्चों की मौत हो गई। शहर की बात करें तो यहां भी मानकों पर ताक पर रखकर तंग गलियों में हॉस्पिटल और नर्सिंगहोम चल रहे हैं। रॉबर्ट्सगंज व आस-पास दर्जनों की संख्या में बिना किसी रजिस्ट्रेशन व फायर एनओसी के पतली-पतली गलियों में हॉस्पिटल व नर्सिंगहोम चल रहे हैं। जहां आग लगी तो वहां भर्ती पेशेंट को बचाना मुश्किल हो जाएगा। आलम यह है कि दो से तीन कमरे के नर्सिंगहोम में आईसीयू से लेकर एनआईसीयू तक बना रखा है। ऐसे में सोचने वाली बात है कि यहां पर अगर किसी वजह से आग लगती है तो झांसी जैसी दर्दनाक घटना से इनकार नहीं किया जा सकता है। हैरानी वाली बात यह है कि जिम्मेदारों को इसकी पूरी जानकारी है, लेकिन इसके बाद भी वो आंखें मूंदे बैठे हुए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जिले में 200 से ज्यादा नर्सिंगहोम और हॉस्पिटल चल रहे हैं, लेकिन इनमें रजिस्टर्ड सिर्फ 60 ही हैं। वहीं 100 से ज्यादा प्राइवेट हॉस्पिटल व नर्सिंगहोम ऐसे हैं, जिनकी फायर एनओसी तो दूर की बात है हेल्थ डिपार्टमेंट से रजिस्टर्ड भी नहीं है। सबसे अधिक अवैध हॉस्पिटल और नर्सिंगहोम रॉबर्ट्सगंज, चोपन, दुद्धी व घोरावल एरिया में हैं। वहीं हेल्थ डिपार्टमेंट के आफिसर्स व कुछ स्थानीय सफेद पोश की शह पर मेडिकल सुविधाओं के नाम पर गोरखधंधा खुलेआम चल रहा है।
8 बाई 10 के कमरे में एनआईसीयू व आईसीयू -
हालात यह है कि बच्चों के अस्पताल के नाम पर यहाँ 8 बाई 10 फिट के कमरे में एनआईसीयू व आईसीयू खोल रखा है। जहां आईसीयू व एनआईसीयू का एक भी रूल फॉलो नहीं किया जाता है। पेशेंट व उनके अटेंडेंट को बहला फुसला कर उसने मोटी रकम खींच ली जाती है। जबकि पेशेंट की जान पर बन आती है तो उनको गवर्नमेंट हॉस्पिटल के लिए रेफर कर देते हैं।




