घोरावल (सोनभद्र) । घोरावल नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी राजकुमार उमर का कानपुर के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 55 वर्ष के थे। वह हृदय रोग से पीड़ित थे। उपचार के लिए उन्हें कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 10 दिन पहले उनके हृदय का ऑपरेशन हुआ था। हालत गंभीर होने पर दूसरी बार भी उनका ऑपरेशन किया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए। कानपुर के अस्पताल में ही उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही घोरावल नगर और ग्रामीण इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। वह अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वह घोरावल नगर में अनाज के प्रतिष्ठित व्यापारी थे। शनिवार की भोर में उनका शव उनके घर पहुंचा। शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए क्षेत्र के गणमान्य और स्थानीय लोगों का तांता उनके घर पर लग गया। शनिवार को वाराणसी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पूर्व सांसद राम सकल, पूर्व विधायक रमेश चंद्र दुबे, नगर पंचायत अध्यक्ष सूरज श्रीवास्तव, जिला पंचायत सदस्य नीरज श्रीवास्तव, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश कुमार, राजेश कुमार, नंदलाल उमर, रमेश पांडेय, उदितलाल अग्रहरि, व्यापार मंडल के महामंत्री राजकुमार गुप्ता आदि ने गहरा शोक व्यक्त किया।