Sonbhadra News : सड़क हादसे में प्रधानपति की मौत
छोटेलाल वर्ष 2000 से 2005 तक ग्राम प्रधान रहे थे। उनकी पत्नी शीलावती भी 2 बार प्रधान रह चुकी हैं और वर्ष 2021 से वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं।

sonbhadra
2:57 PM, November 10, 2026
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल (सोनभद्र)। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के खरुआंव गांव के पास सड़क हादसे में घायल मुंगेहरी गांव निवासी पूर्व ग्राम प्रधान एवं वर्तमान प्रधानपति छोटेलाल (55) पुत्र बलिराम की दीपावली की देर रात मौत हो गई। बीएचयू ट्रामा सेंटर में आठ दिनों तक उपचार के बाद रविवार रात करीब एक बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, छोटेलाल 31 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे कस्तूरबा गांधी विद्यालय के पास खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी घोरावल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल और फिर बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार चल रहा था।
छोटेलाल वर्ष 2000 से 2005 तक ग्राम प्रधान रहे थे। उनकी पत्नी शीलावती भी 2 बार प्रधान रह चुकी हैं और वर्ष 2021 से वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं। उनके तीन पुत्र हैं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।




