Sonbhadra News : रक्षाबंधन के साथ प्राथमिक शिक्षक संघ ने मनाया कार्यकारिणी का वार्षिकोत्सव
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला कार्यकारिणी के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को चोपन स्थित एक निजी होटल में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के....

sonbhadra
10:58 PM, August 25, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
चोपन । उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला कार्यकारिणी के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को चोपन स्थित एक निजी होटल में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान शिक्षिकाओं ने शिक्षकों की कलाई पर राखी बांधकर भाईचारे, आपसी विश्वास और शिक्षक एकता का संदेश दिया, जिससे समारोह का माहौल और भी आत्मीय एवं प्रभावशाली हो गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रविन्द्र नाथ चौधरी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल पदाधिकारियों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि जिले के प्रत्येक शिक्षक की समस्याओं को मजबूती से उठाकर उनका समाधान सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की नई पीढ़ी के निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं, इसलिए उनके सम्मान, अधिकार और सुविधाओं से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को संगठन पूरी मजबूती के साथ शासन-प्रशासन के समक्ष रखेगा। शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याएं, लंबित मांगें, पदोन्नति, स्थानांतरण, वेतन एवं अन्य विभागीय मामलों के समाधान के लिए संगठन निरंतर प्रयासरत रहेगा। उन्होंने कहा कि एकजुट शिक्षक शक्ति ही संगठन को मजबूती देती है और आने वाले समय में संगठन को और प्रभावी बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को मिलकर कार्य करना होगा।
कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यकारिणी के एक वर्ष के कार्यकाल में शिक्षक हित में किए गए प्रयासों एवं उपलब्धियों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि संगठन शिक्षकों के अधिकारों के साथ-साथ विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी अपनी सकारात्मक भूमिका निभाता रहेगा।
समारोह में उपस्थित शिक्षकों ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा शिक्षक हितों की लड़ाई को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द और संगठनात्मक एकजुटता के संदेश के साथ हुआ।
इस दौरान रणजीत कुमार, अजय कुमार कुशवाहा, पवन कुमार सिंह, विनोद कुमार, राधेश्याम, अनीता चौधरी, ज्योति कन्नौजिया, संध्या साइन, निर्मला, सुनीता देवी, सीमा साहनी, रमाशंकर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण मौजूद रहे।




