Sonbhadra News : चोरी की बाइक बिहार में खपाने की थी तैयारी, हिस्ट्रीशीटर सहित दो अभियुक्त गिरफ्तार
जनपद में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोरों के सक्रिय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। चोपन और बीजपुर पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में दो शातिर......

sonbhadra
2:09 PM, June 14, 2026
आनन्द कुमार चौबे/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोरों के सक्रिय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। चोपन और बीजपुर पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर कुल 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल कई वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है, बल्कि चोरी की बाइक के अवैध कारोबार से जुड़े एक संगठित गिरोह के तार भी सामने आए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बिहार में बेचने जा रहा था चोरी की बाइक, चेकिंग के दौरान दबोचा गया आरोपी -
आज पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने मामले का खुलासा करते बताया कि "चोपन थाना पुलिस शनिवार देर रात वैष्णो डाला मंदिर के समीप बैगा टोला मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी की मोटरसाइकिल लेकर कहीं जाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर बिना नंबर प्लेट लगी अपाची मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को पकड़ लिया। जब पुलिस ने वाहन के दस्तावेज मांगे तो युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। ई-चालान एप के माध्यम से वाहन का सत्यापन करने पर बाइक चोरी की निकली। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी टूट गया और चोरी के पूरे खेल का खुलासा कर दिया। वहीं पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी राजेश गौड़ ने बताया कि वह अपने साथियों राहुल गौड़, दीपक यादव और रोशन यादव के साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करता था। चोरी के बाद वाहनों को सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था और बाद में उन्हें दूसरे जिलों एवं पड़ोसी राज्यों में बेच दिया जाता था। आरोपी बरामद अपाची बाइक को बेचने के लिए बिहार ले जा रहा था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बैगा टोला क्षेत्र स्थित एक खंडहर मकान में छापा मारकर तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। इस प्रकार चोपन पुलिस ने कुल चार चोरी की बाइक बरामद करने में सफलता हासिल की।
सीमा क्षेत्र से दबोचा गया हिस्ट्रीशीटर अपराधी -
अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि बीजपुर पुलिस ने भी वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश सीमा के सिरसोती क्षेत्र में एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया। मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने रामदिहल प्रजापति को चार चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ दबोच लिया। बरामद वाहनों की जांच में एक अपाची आरटीआर बाइक मध्य प्रदेश के मोरवा थाना क्षेत्र से चोरी की पाई गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि रामदिहल प्रजापति कोई नया अपराधी नहीं है, बल्कि वह थाना बीजपुर का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, अवैध हथियार रखने, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य गंभीर मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में उसके खिलाफ गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया गया।
चोरी की बाइक का बना रखा था नेटवर्क -
पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी वाहन चोरी के बाद बाइक के नंबर और पहचान बदलकर उन्हें दूसरे जिलों तथा पड़ोसी राज्यों में बेचने की कोशिश करते थे। बरामद मोटरसाइकिलों में अधिकांश वाहन अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी किए गए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की बाइक खरीदने वाले लोग कौन हैं और इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं।
पुलिस के रडार पर गिरोह के अन्य सदस्य -
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। वहीं पूछताछ में सामने आए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम का विवरण -
अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, उप निरीक्षक घनश्याम तिवारी, उप निरीक्षक दुनिया सिंह, उप निरीक्षक श्री प्रकाश, हे0का0 सीताराम यादव, शिवशरण राम, अजय यादव, का0 सच्चिदानंद मिश्रा, श्रीकांत, अनिल कुमार, मंटू सिंह और बीजपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह। उप निरीक्षक कमलाकांत पांडेय, हे0का0 भानु प्रताप यादव, का0 राम प्रकाश यादव, हरिंद्र, म0का0 रागिनी श्रीवास्तव शामिल रहे।




