Sonbhadra news : नमो मैराथन को लेकर तैयारियां पूरी, 15 सितंबर को दौड़ेंगे सोनभद्र के युवा
पीडब्ल्यूडी डाक बंगला रॉबर्ट्सगंज में बैठक हुई। बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और प्रतिभागियों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

sonbhadra
7:00 PM, September 13, 2026
शांतनु कुमार
-- बालक वर्ग होटल अविनाश से और बालिका वर्ग चुर्क से सर्किट हाउस तक लगाएंगी दौड़
सोनभद्र। जनकल्याण सेवा समिति रॉबर्ट्सगंज की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 15 सितंबर 2026 को आयोजित नमो मैराथन को लेकर रविवार को पीडब्ल्यूडी डाक बंगला रॉबर्ट्सगंज में बैठक हुई। बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और प्रतिभागियों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
समिति के सचिव डॉ. धर्मवीर तिवारी ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी नमो मैराथन का आयोजन बालक एवं बालिका वर्ग में अलग-अलग किया जा रहा है। बालक वर्ग की दौड़ सुबह 9 बजे होटल अविनाश से शुरू होकर चुर्क होते हुए सर्किट हाउस तक पहुंचेगी, जबकि बालिका वर्ग की दौड़ सुबह 9:30 बजे चुर्क बाजार रोडवेज बस स्टैंड के पास से शुरू होकर सर्किट हाउस तक जाएगी। प्रतिभागियों से निर्धारित समय से करीब दो घंटे पहले पहुंचने की अपील की गई है।
दोनों वर्गों में प्रथम पुरस्कार ₹21,000, द्वितीय ₹11,000 और तृतीय ₹5,100 रखा गया है। इसके अलावा 21 प्रतिभागियों को ₹1,100 का सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा। प्रत्येक प्रतिभागी को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
आयोजन के दौरान प्रतिभागियों की सुविधा के लिए अनुभवी वॉलंटियर, प्रशिक्षक और डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी। प्रतियोगिता स्थल के साथ ही दौड़ के मार्ग में एनर्जी ड्रिंक की व्यवस्था भी की जाएगी। प्रतियोगिता में 17 से 26 वर्ष आयु के युवा भाग ले सकेंगे। प्रतिभागी का सोनभद्र निवासी होना अथवा जनपद में अध्ययनरत होना अनिवार्य है।
पूर्व अध्यक्ष रॉबर्ट्सगंज कृष्ण मुरारी गुप्ता और संदीप सिंह ने इसे युवाओं के लिए सराहनीय पहल बताते हुए अधिक से अधिक युवाओं से प्रतिभाग करने की अपील की। व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश गुप्ता एवं श्रीराम दरबार अखाड़ा समिति के संरक्षक आनंद मिश्रा ने कहा कि नमो मैराथन से युवाओं में खेल, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति सकारात्मक वातावरण बनेगा।
बैठक में समिति के कोषाध्यक्ष अरविंद पांडेय सहित मनीष अग्रहरि, श्याम द्विवेदी, संजय सिंह, पंकज ओझा, अंशु चौबे, विनोद सोनी, रवि तिवारी, योगेश सिंह, अनूप पांडेय, श्याम उमर, जितेंद्र सिंह, विजेंद्र कुमार सिंह, अरुण शर्मा, दीपक यादव, अजय पाठक, अनुराग श्रीवास्तव, डब्लू शुक्ला, राहुल कुमार, सत्यम सोनी, प्रकाश श्रीवास्तव, विनय, अखिलेश कश्यप, धर्मेंद्र सिंह, आशीष उपाध्याय सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।




