Sonbhadra News : जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, 22 मई से शुरू होगा मकान सूचीकरण का कार्य
जनगणना-2027 के प्रथम चरण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया, जिसमें जनपद स्तर के अधिकारियों को.....

sonbhadra
5:52 PM, April 8, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनगणना-2027 के प्रथम चरण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया, जिसमें जनपद स्तर के अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, समय-सीमा और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद सोनभद्र में प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 22 मई से शुरू होकर 20 जून 2026 तक कराया जाएगा।
जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के लिए आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण तथा निदेशक, जनगणना कार्य निदेशालय उत्तर प्रदेश शीतल वर्मा ने प्रदेश में संचालित होने वाले जनगणना कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जनगणना की पूरी प्रक्रिया, समय सीमा और कार्य निष्पादन की पद्धति पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना का कार्य पूरी शुद्धता और समयबद्धता के साथ संपन्न कराया जाए।
उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना की प्रक्रिया में एक नई व्यवस्था लागू की गई है। पहली बार जनपद स्तर पर स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा दी जा रही है, जिसके अंतर्गत निवासी स्वयं अपने घर और परिवार से संबंधित 34 प्रश्नों का उत्तर ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भर सकेंगे। यह स्व-गणना प्रक्रिया 07 मई से 21 मई 2026 तक संचालित की जाएगी, जो एचएलओ प्रक्रिया शुरू होने से 15 दिन पहले प्रारंभ होगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना प्रक्रिया का संचालन मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में तथा जिला पंचायत राज अधिकारी की देखरेख में कराया जाएगा। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे स्व-गणना प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करते हुए सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित जनगणना कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कंट्रोल रूम में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं, ताकि जनगणना से जुड़े कार्यों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) वागीश कुमार शुक्ला, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उत्कर्ष द्विवेदी, अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतापाल वर्मा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल, नाजिर कलेक्ट्रेट बाबूलाल, जिला प्रभारी जनगणना प्रियासा सिंह, ईडीएम दिव्यतोष मिश्रा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी निजामुद्दीन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




