Sonbhadra News : ऊंचडीह तिराहे पर पुलिस बूथ स्थापित करने की मांग को लेकर प्रधान ने एसपी को सौंपा प्रस्ताव
जनपद के रॉबर्ट्सगंज विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत ऊंचडीह में ग्राम प्रधान अर्चना त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक को पत्र सौंपकर रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग स्थित व्यस्त ऊंचडीह तिराहे पर पुलिस बूथ की स्थापना..

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
4:51 PM, July 23, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद के रॉबर्ट्सगंज विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत ऊंचडीह में ग्राम प्रधान अर्चना त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक को पत्र सौंपकर रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग स्थित व्यस्त ऊंचडीह तिराहे पर पुलिस बूथ की स्थापना की मांग की है। ग्राम पंचायत की बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित करने के पश्चात उन्होंने पुलिस विभाग से आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया है।
ग्राम प्रधान अर्चना त्रिपाठी ने बताया कि "ग्राम पंचायत मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित ऊंचडीह तिराहा कई ग्राम पंचायतों को जोड़ने वाला प्रमुख चौराहा है। यहां प्रतिदिन हजारों लोगों और सैकड़ों वाहनों का आवागमन होता है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के लिए कोई स्थायी पुलिस व्यवस्था मौजूद नहीं है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता मिलने में कठिनाई होती है। वहीं तिराहे पर पूर्व में यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए यात्री शेड का उपयोग अब असामाजिक तत्वों द्वारा नशे के अड्डे के रूप में किया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। यदि इस यात्री शेड का पुनर्निर्माण कर इसे पुलिस बूथ के रूप में विकसित किया जाए, जिससे एक ओर नशे की गतिविधियों पर रोक लगेगी तो दूसरी ओर पूरे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।"
ग्राम पंचायत ने पुलिस विभाग को आश्वस्त किया कि पुलिस बूथ के निर्माण और संचालन के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने में पूरा सहयोग दिया जाएगा। प्रधान ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए आवश्यक प्रशासनिक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सके।




