Sonbhadra News : प्रधान ने दिखाई दरियादिली, दूसरे ग्राम सभा में पहुंचाई पानी की मदद
ऐसे में जब किसी ने सुधि नहीं ली तो डोडहर ग्राम पंचायत के प्रधान के.पी. पाल ने मानवता दिखाते हुए पानी की आपूर्ति कर न सिर्फ लोगों को राहत दी बल्कि उनका दिल भी जीता।

sonbhadra
2:13 PM, May 29, 2026
विजय कुमार पटेल (संवाददाता)
बीजपुर (सोनभद्र) । जल ही जीवन है... लेकिन कई जगहों पर पानी का संकट इतना गहरा गया कि लोगों के सामने एक - एक बूंद पानी का संकट खड़ा हो गया। ऐसे में जब किसी ने सुधि नहीं ली तो डोडहर ग्राम पंचायत के प्रधान के.पी. पाल ने मानवता दिखाते हुए पानी की आपूर्ति कर न सिर्फ लोगों को राहत दी बल्कि उनका दिल भी जीता।
भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच बीजपुर के कई इलाकों में पानी का भीषण संकट खड़ा हो गया। बाजार में लोग पानी की एक एक बूंद के लिए तरसने लगे। पानी का संकट गहराया तो लोगों की दिनचर्या गड़बड़ हो गयी। इसकी जानकारी किसी माध्यम से डोडहर के प्रधान के.पी. पाल को हुई। उन्होंने बिना किसी देरी के त्वरित कदम उठाते हुए अपने निजी ट्रैक्टर-टैंकर के माध्यम से पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। इस भीषण गर्मी में पानी का टैंकर पहुँचते ही लोगों के चेहरे पर खुशी झलकने लगी और लोगों ने राहत की सांस ली।
प्रधान के इस मानवीय कार्य की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रधान के.पी. पाल न सिर्फ अपने ग्राम सभा की जिम्मेदारी को बखूबी निभाई बल्कि पड़ोसी ग्राम सभा के दर्द को भी महसूस कर मदद के लिए आगे आये ।




