Sonbhadra News : प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना बनी सहारा, मृतक खाताधारकों के आश्रितों को मिले दो-दो लाख रुपये के चेक
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एक बार फिर जरूरतमंद परिवारों के लिए आर्थिक संबल साबित हुई। गुरुवार को केनरा बैंक राबर्ट्सगंज शाखा परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योजना के अंतर्गत मृतक खाताधारकों..

मृतक आश्रित को दो लाख का चेक प्रधान करते केनरा बैंक कर्मी.....
sonbhadra
5:20 PM, June 11, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• केनरा बैंक ने वितरित की बीमा दावा राशि, संकट की घड़ी में योजनाओं से जुड़ने की अपील
सोनभद्र । प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एक बार फिर जरूरतमंद परिवारों के लिए आर्थिक संबल साबित हुई। गुरुवार को केनरा बैंक राबर्ट्सगंज शाखा परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योजना के अंतर्गत मृतक खाताधारकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि के चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों ने लाभार्थियों को चेक सौंपते हुए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी बीमा योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में मंडल प्रबंधक राज प्रकाश सिंह ने कहा कि किसी व्यक्ति की मृत्यु से परिवार को होने वाली क्षति की भरपाई किसी भी धनराशि से संभव नहीं है, लेकिन प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसी योजनाएं संकट की घड़ी में परिवार को आर्थिक सहारा देने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे मात्र 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर उपलब्ध इस योजना से जुड़कर अपने परिवार को सुरक्षा कवच प्रदान करें।
शाखा प्रबंधक विश्वदीप मिश्रा ने बताया कि शाखा के खाताधारक कुंवर धीरेंद्र विक्रम की दिल्ली में लिफ्ट में आग लगने की एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उनका प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बीमा कराया गया था। दुर्घटना के बाद परिजनों द्वारा बैंक से संपर्क किया गया, जिसके बाद सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर उनकी माता को दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि का चेक प्रदान किया गया।
उन्होंने बताया कि बैंक मित्र शक्ति पाल के माध्यम से कराए गए बीमा के कारण परिवार को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध हो सकी। शाखा प्रबंधक ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाएं आम लोगों के लिए बेहद लाभकारी हैं और पात्र ग्राहकों को इनका लाभ अवश्य उठाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसी भी समस्या के समाधान के लिए सीधे शाखा से संपर्क करने की सलाह दी।
इस अवसर पर मंडल प्रबंधक राज प्रकाश सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक वेद प्रकाश अधिकारी, सहायक प्रबंधक धर्मवीर सिंह, ऋण अधिकारी जितेंद्र यादव, पवन कुमार गुप्ता, रोहित कुमार शर्मा, बैंक मित्र शक्ति पाल, संदीप कुमार सहित अन्य बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




