Sonbhadra News : नमो घाट कांड पर सियासी घमासान, सत्ता ने दी राहत तो विपक्ष ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
वाराणसी के नमो घाट पर निजी सुरक्षा कर्मियों द्वारा कथित रूप से की गई पिटाई में जान गंवाने वाले 18 वर्षीय राजेश उर्फ चिंटू जायसवाल की मौत के बाद सियासत तेज हो गई है। सोमवार को जहां जनपद के प्रभारी.....

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
5:43 PM, June 2, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• नमो घाट पीड़ित परिवार से मिला सपा प्रतिनिधिमंडल, सौंपी एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता
• सपाइयों ने किया पीड़ित परिवार को ₹50 लाख मुआवजा, सरकारी नौकरी और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
• बोले सपाइयों, न्याय नहीं मिला तो सड़क से सदन तक होगा संघर्ष
सोनभद्र । वाराणसी के नमो घाट पर निजी सुरक्षा कर्मियों द्वारा कथित रूप से की गई पिटाई में जान गंवाने वाले 18 वर्षीय राजेश उर्फ चिंटू जायसवाल की मौत के बाद सियासत तेज हो गई है। सोमवार को जहां जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल मुख्यमंत्री के निर्देश पर नगवां ब्लॉक के ग्राम पंचायत पडरी पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी और मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया था, वहीं मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने भी मृतक के परिजनों से मुलाकात कर एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की तथा सरकार को घेरते हुए मृतक परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा, एक सरकारी नौकरी और घायल युवकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये सहायता देने की मांग उठाई।
समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मृतक चिंटू जायसवाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा परिजनों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान मृतक के पिता बद्रीनारायण जायसवाल ने नेताओं के सामने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अब तक हुई कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्टि नहीं है। उनका आरोप था कि घटना में शामिल कुछ आरोपी अभी भी गिरफ्त से बाहर हैं और परिवार को न्याय मिलने का इंतजार है।
प्रतिनिधिमंडल ने अखिलेश यादव की ओर से भेजी गई एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि परिवार को सौंपते हुए भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी न्याय की इस लड़ाई में परिवार के साथ खड़ी रहेगी। सपा नेताओं ने कहा कि नमो घाट जैसी सार्वजनिक जगह पर हुई यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि पीड़ित परिवार की मांगों को लेकर समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा घटना में घायल युवकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए।
एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि घटना में घायल अन्य युवकों की शिकायतों पर भी समुचित कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने नमो घाट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सार्वजनिक करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
बताते चलें कि एक दिन पूर्व प्रभारी मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये की सहायता प्रदान की थी। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया था कि मामले की जांच गंभीरता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ की जा रही है तथा घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने भी मामले की अद्यतन जानकारी प्रभारी मंत्री को दी थी।
सपा प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव, सांसद छोटेलाल खरवार, एमएलसी आशुतोष सिन्हा, समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, प्रदेश सचिव डॉ0 अजय चौरसिया, जिलाध्यक्ष व्यापार सभा दिनेश अग्रहरी, चन्दन यादव, विकास केसरवानी, विजय शंकर जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




