Sonbhadra News : नदी और बांध किनारों पर बढ़ी पुलिस की चौकसी, 31 संवेदनशील स्थलों पर लगाए गए चेतावनी बैनर
जनपद में बढ़ती गर्मी और जलाशयों में होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए सोनभद्र पुलिस ने विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत....

sonbhadra
7:23 PM, May 27, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने लोगों को किया जागरूक
• आपात स्थिति में तत्काल सूचना देने की अपील
सोनभद्र । जनपद में बढ़ती गर्मी और जलाशयों में होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए सोनभद्र पुलिस ने विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत नदी, बांध, तालाब और अन्य जलाशयों के आसपास लोगों को सतर्क एवं जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस द्वारा ऐसे संवेदनशील स्थलों को चिन्हित किया गया, जहां पूर्व में डूबने अथवा पानी से संबंधित दुर्घटनाएं अधिक होती रही हैं। संबंधित थाना पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी और दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया।
सोनभद्र पुलिस ने जनपद के कुल 31 संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी संबंधी पोस्टर और बैनर लगाए हैं। इन पोस्टरों के माध्यम से लोगों को गहरे पानी में न जाने, बच्चों को अकेले जलाशयों के पास न छोड़ने तथा नदी और बांधों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
पुलिस टीमों ने ग्रामीणों, युवाओं और आम नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए बताया कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि "गर्मी और बरसात के मौसम में जलस्तर बढ़ने तथा पानी की गहराई का सही अनुमान न होने के कारण हादसों की आशंका अधिक रहती है। अभियान के दौरान आमजन से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या दुर्घटना होने पर तत्काल स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। जनपदवासियों की सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के जागरूकता अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे। पुलिस ने लोगों से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।"




