Sonbhadra News : अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्यवाही, बिना परमिट के तीन डंफर सीज
अवैध खनन और बिना परमिट खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन हाईवा ट्रकों को पकड़ लिया।

sonbhadra
11:27 PM, April 26, 2026
घनश्याम पांडे/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र)। अवैध खनन और बिना परमिट खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन हाईवा ट्रकों को पकड़ लिया। यह कार्रवाई खान निरीक्षक अतुल दुबे और थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा के संयुक्त नेतृत्व में की गई।
रविवार को खनन विभाग और चोपन पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान गिट्टी से लदे तीन डंपर बिना वैध परिवहन परमिट के पकड़े गए। जांच में दस्तावेज सही न पाए जाने पर तीनों वाहनों को तत्काल सीज कर दिया गया और नियमानुसार जुर्माना भी लगाया गया।
बताया जा रहा है कि इलाके में लंबे समय से अवैध खनिज परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए यह अभियान शुरू किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध रूप से खनिज ढोने वालों में हड़कंप मच गया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने कहा कि बिना परमिट खनिज परिवहन पूरी तरह अवैध है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व की चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।




